Pakistan News: पाकिस्तान की सरकार ने एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दाम में वृद्धि कर दी है। पेट्रोल के दाम में प्रति लीटर 5.44 रुपए और डीजल की कीमत में प्रति लीटर 31.05 रुपए की बढ़ोत्तरी की गई है। ईंधन की ये कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। नए सिरे से ईरान-अमेरिका युद्ध शुरू होने पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर कम करने के लिए शहबाज सरकार ने ये फैसला किया है। इस वृद्धि के बाद में पाकिस्तान में प्रति लीटर पेट्रोल की कीमत 316 रुपए और डीजल की कीमत 354.35 रुपए हो गई है।
पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमत में फिर हुई वृद्धि।
ईरान-यूएस, इजराइल युद्ध के बाद पाकिस्तान में तेल की कीमतों में जबर्दस्त उछाल आया। डीजल की कीमत 3 अप्रैल को 520.35 रुपये प्रति लीटर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी, जो अब घट गई है। 28 फरवरी को अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद डीजल की कीमत 281 रुपये प्रति लीटर से लगातार बढ़नी शुरू हुई थी। पेट्रोल की कीमत भी 3 अप्रैल को 458.41 रुपये प्रति लीटर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थी। मार्च के पहले सप्ताह में इसकी कीमत 266 रुपये प्रति लीटर थी, जिसके बाद इसमें लगातार बढ़ोतरी हुई।
ईंधन बचत के उपाय भी लागू किए गए थे
पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिका-ईरान तनाव के कारण लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए अब ईंधन की कीमतें रोजाना तय की जाएंगी। इससे पहले, मार्च की शुरुआत से सरकार हर सप्ताह पेट्रोल और डीजल की कीमतों की समीक्षा कर रही थी। साथ ही, मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण संभावित तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका को देखते हुए ईंधन बचत के उपाय भी लागू किए गए थे। अप्रैल में संघीय सरकार ने रियायती दरों पर ईंधन उपलब्ध कराने के लिए लक्षित राहत पैकेज की भी घोषणा की थी।
ईंधन की कीमतें प्रतिदिन तय होंगी
पेट्रोलियम मंत्री ने बताया कि कैबिनेट और प्रधानमंत्री ने निर्णय लिया है कि अब ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुझानों के आधार पर प्रतिदिन ईंधन की कीमतें तय करेगी। उन्होंने कहा कि ओगरा केवल अपनी वेबसाइट पर नई ईंधन कीमतें ही जारी नहीं करेगी, बल्कि यह भी बताएगी कि हर पेट्रोल पंप पर लागू कीमत किन-किन अंतरराष्ट्रीय और घरेलू कारकों के आधार पर तय की गई है।
