Tokyo: फ्लाइट में केबिन क्रू और यात्रियों के बीच हाथापाई और मारपीट की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। हाल ही में दिल्ली से गोवा जा रही फ्लाइट में यात्री द्वारा पायलट को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया था। अब जापान की राजधानी टोक्यो से भी ऐसी ही घटना सामने आई है। यहां अमेरिका जा रही फ्लाइट में एक यात्री ने केबिन अटेंडेंट को दांत से काट लिया, जिसके बाद प्लेट को बीच रास्ते ही टोक्यो लौटना पड़ा। हनेडा एयरपोर्ट पर आरोपी पैंसेजर को पुलिस के हवाले कर दिया गया। एयरवेज कंपनी का कहना है कि आरोपी यात्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑल निप्पॉन एयरवेज का एक विमान टोक्यो से अमेरिका की ओर जा रहा था। इस विमान में 159 पैसेंजर सवार थे। एयरवेज के प्रवक्ता ने बताया, जब प्लेन हवा में था तभी एक यात्री ने केबिन क्रू मेंबर की एक बांह में काट लिया, जिससे उसे काफी चोटें आईं।
बीच रास्ते में लौट प्लेन
एयरवेज की ओर से बताया गया, जब यात्री की जांच की गई तो वह नशे में था। अधिकारियों ने बताया, उसकी पहचान अमेरिकी नागरिक के तौर पर हुई और आरोपी की उम्र 55 साल है। घटना के बाद फ्लाइट वापस प्रशांत क्षेत्र से हानेडा एयरपोर्ट लौट आई, जिसके बाद एयरवेज अधिकारियों ने आरोपी यात्री को पुलिस को सौंप दिया। वहीं घायल क्रू मेंबर को चिकित्सीय परामर्श के लिए रवाना किया गया।
दो प्लेनों की आपस में टक्कर
इससे पहले जापान के होक्काइडो में न्यू चिटोस एयरपोर्ट पर दो प्लेन आपस में टकरा गए। यह टक्कर दक्षिण कोरिया के कोरियन एयर प्लेन और हांगकांग के कैथे पैसिफिक प्लेन के बीच हुर्ठ। अधिकारियों ने बताया, हादसा उस वक्त हुआ जब कोरियाई विमान सियोल के इंचियोन इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाला था। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
