Pakistan News: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से ऐसी घटना सामने आई है, जिसे पढ़कर किसी के भी रौंगटे खड़े हो जाएं। यहां एक पिता तीन महीने से अपनी ही नाबालिग बेटी को हवस का शिकार बना रहा था। शनिवार को कथित तौर पर दुष्कर्म करने वाले पिता की बेटी ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, घटना लाहौर शहर के गुज्जरपुरा इलाके से सामने आई है। यहां, 14 वर्षीय लड़की ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा है कि उसका पिता पिछले तीन महीने से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। इस मामले की जांच कर रहे सोहेल काजमी ने कहा, लड़की ने बताया कि वह नरक जैसी स्थिति से गुजर रही थी, जिसके बाद उसने अपने बलात्कारी पिता को मारने का फैसला किया।
पिता की बंदूक से ही मारी गोली
पुलिस ने बताया, लड़की ने अपने बयान में बताया है कि उसने अपने पिता की बंदूक से ही उसे गोली मार दी। अधिकारियों का कहना है कि इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद संदिग्ध के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
अदालत ने एक आरोपी को सुनाई मौत की सजा
यह घटना ऐसे समय सामने आई है,जब एक दिन पहले शुक्रवार को लाहौर की एक अदालत ने एक नाबालिक बेटी के साथ बलात्कार करने के आरोपी पिता को मौत की सजा सुनाई है। जानकारी के मुताबिक, लिंग आधारित हिंसा अदालत लाहौर के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश मियां शाहिद जावेद ने आरोपी एम. रफीक को अपनी नाबालिग बेटी से बलात्कार के आरोप में मौत की सजा सुनाई।
