दुनिया

एयरस्ट्राइक में 2 बच्चों की मौत के बाद पाकिस्तान ने ईरान को दी गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 17, 2024, 07:12 AM IST

Iran airstrike in Balochistan: ईरान मीडिया के मुताबिक पाकिस्तान के जिस इलाके में उसने हमला किया उसे 'ग्रीन माउंटेन' कहा जाता है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने ईरान की इस कार्रवाई को अपनी देश की संप्रभुता का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है।

Image

पाकिस्तान में ईरान का हमला।

Iran airstrike in Balochistan: बलूचिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाने बनाए जाने के ईरान के दावों के बाद पाकिस्तान ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है। पाकिस्तान ने बुधवार तड़के कहा है कि ईरान के इन हमलों में दो बच्चों की मौत हुई है और तीन लड़कियां घायल हुई हैं। ईरान का कहना है कि उसने बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवादी संगठन जैश उल-अद्ल के दो ठिकानों को निशाना बनाकर हमला किया। ईरान रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) के मुताबिक उसने ड्रोन एवं मिसाइल हमले में आतंकी संगठन के दो ठिकानों के तबाह किए।

पाक विदेश मंत्रालय की कड़ी प्रतिक्रिया

वहीं इन हमलों के बाद पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश विभाग की प्रवक्ता मुमताज जाहरा बलोच ने एक बयान में कहा, 'बिना उकसावे उसके एयरस्पेस का ईरान द्वारा उल्लंघन किए जाने का वह कड़ी शब्दों में निंदा करता है। ईरान की इस कार्रवाई में दो निर्दोष बच्चों की मौत हुई है और तीन लड़कियां घायल हुई हैं।'

'ग्रीन माउंटेन' जोन में किया हमला

ईरान मीडिया के मुताबिक पाकिस्तान के जिस इलाके में उसने हमला किया उसे 'ग्रीन माउंटेन' कहा जाता है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने ईरान की इस कार्रवाई को अपनी देश की संप्रभुता का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। बलोच ने कहा कि यह अवैध घटना इसलिए ज्यादा चिंताजनक है क्योंकि पाकिस्तान और ईरान के बीच बातचीत करने के कई विकल्प उपलब्ध हैं। प्रवक्ता ने कहा कि ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों से इस घटना पर पाकिस्तान की ओर से कड़ा ऐतराज जता दिया गया है।

ईरान सुरक्षा बलों को निशाना बनाया

रॉयटर्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि जैश उल-अद्ल ने हाल के दिनों में पाकिस्तान की सीमा पर ईरान सुरक्षा बलों पर हमले किए हैं। इससे पहले आईआरजीसी ने कहा कि उसने सोमवार देर रात इराक में इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद के मुख्यालय एवं सीरिया में आईएस के ठिकानों पर हमले किए।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article