US-Iran Ceasefire Talk: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच पाकिस्तान ने दोनों देशों से सीजफायर बनाए रखने और बातचीत जारी रखने की अपील की है। पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार (Ishaq Dar) ने कहा कि दोनों पक्षों के लिए यह जरूरी है कि वे युद्धविराम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को कायम रखें।
“शांति के लिए सकारात्मक माहौल जरूरी”
इशाक डार ने अपने बयान में कहा,"हम उम्मीद करते हैं कि दोनों पक्ष सकारात्मक भावना के साथ बातचीत जारी रखेंगे, ताकि पूरे क्षेत्र और उससे आगे स्थायी शांति और समृद्धि हासिल की जा सके।”
पाकिस्तान निभाएगा मध्यस्थ की भूमिका
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पाकिस्तान आने वाले दिनों में भी अमेरिका और ईरान के बीच संवाद और संपर्क को बढ़ावा देने में अपनी भूमिका निभाता रहेगा। डार ने दोनों देशों का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने सीज़फायर हासिल करने में पाकिस्तान के प्रयासों की सराहना की है।
शांति वार्ता हुई फेल
बता दें कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता फेल हो गई है। ईरान ने अमेरिका की शर्तों को मानने से इनकार कर दिया है। जिसके बाद अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पाकिस्तान से निकल गए हैं। अबईरान की ओर से भी इस वार्ता के फेल होने पर प्रतिक्रिया सामने आ गई है। ईरान ने कहा है कि अमेरिका ने अपनी शर्तों में वो सब चीजें शामिल की थीं, जिसे वो युद्ध में हासिल नहीं कर सका है।ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका को “अत्यधिक मांगों और अवैध अनुरोधों” से बचना चाहिए।
जेडी वेंस ने क्या-क्या कहा?
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने रविवार को बताया कि इस्लामाबाद में लंबी चली बातचीत के बावजूद अमेरिका और Iran के बीच कोई समझौता नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि करीब 21 घंटे तक चली वार्ता के दौरान कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, लेकिन दोनों पक्ष अपने मतभेद दूर करने में असफल रहे।
वेंस ने कहा, “पिछले 21 घंटों में हमने लगातार बातचीत की और कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। यह सकारात्मक पहलू है, लेकिन दुर्भाग्य से हम किसी समझौते तक नहीं पहुंच सके।”
उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि अमेरिका ने अपनी ‘रेड लाइन’ और उन बिंदुओं को पूरी तरह साफ कर दिया था, जिन पर वह समझौता करने को तैयार है और जिन पर नहीं। हालांकि, उनके अनुसार ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने इन शर्तों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया, जिसके चलते वार्ता बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई।
