Pakistan Train Hijack: पाकिस्तान में सुरक्षा बलों ने मंगलवार को अशांत बलूचिस्तान प्रांत में संदिग्ध बलूच आतंकवादियों द्वारा ट्रेन में बंधक बनाए गए 104 यात्रियों को छुड़ा लिया और 16 आतंकवादियों को मार गिराया। सुरक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, 9 डिब्बों में लगभग 500 यात्रियों को लेकर जाफर एक्सप्रेस क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर जा रही थी तभी मंगलवार सुबह गुदलार और पीरू कोनेरी इलाकों के बीच उस पर गोलीबारी की गई। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि अब तक सुरक्षा बलों ने 16 आतंकवादियों को मार गिराया है और 104 यात्रियों को छुडा लिया गया है। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान जारी है। इससे पहले, बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि उसने ट्रेन को अपने कब्जे में लेकर 100 से ज्यादा यात्रियों को बंधक बना लिया है।
400 यात्री अभी भी हैं बंधक
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने कहा कि सुरक्षा बलों ने एक डिब्बे से 104 यात्रियों - 58 पुरुष, 31 महिलाएं और 15 बच्चों - को छुड़ाने में कामयाबी हासिल की है। उन्होंने बताया कि करीब 400 यात्री अभी भी ट्रेन में ही हैं, जो सुरंग के अंदर है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है। रिंद ने कहा कि पेशावर जाने वाली यात्री ट्रेन पर भीषण गोलीबारी की खबरों के बीच बचाव दल को मौके पर भेजा गया है।
इस बीच, पाकिस्तान रेलवे ने क्वेटा रेलवे स्टेशन पर एक आपातकालीन डेस्क स्थापित किया है क्योंकि चिंतित रिश्तेदार अपने प्रियजनों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए पहुंच रहे हैं। आधिकारिक तौर पर किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है, लेकिन एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की है कि आपातकालीन स्थिति घोषित कर दी गई है और घटनास्थल पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। पिछले वर्ष अक्टूबर में पाकिस्तान रेलवे ने डेढ़ महीने से अधिक समय के निलंबन के बाद क्वेटा और पेशावर के बीच रेल सेवाएं बहाल करने की घोषणा की थी। बलूचिस्तान में पिछले एक साल में चरमपंथियों के हमलों में वृद्धि देखी गई है। नवंबर 2024 में क्वेटा रेलवे स्टेशन पर हुए आत्मघाती धमाके में कम से कम 26 लोग मारे गए थे और 62 अन्य घायल हुए थे।
