Pakistan Terror Commander Ahmed Sajjad: पाकिस्तान में हाल के दिनों में आतंकी संगठनों से जुड़े कई लोगों की संदिग्ध और हिंसक हालात में मौत की खबरें सामने आई हैं। इन घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन के बीच हलचल बढ़ा दी है। ताजा मामला आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन के कमांडर अहमद सज्जाद (Ahmed Sajjad Death) से जुड़ा है। जिसकी पाकिस्तान में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की जानकारी मिली है। अहमद सज्जाद जम्मू-कश्मीर के बारामूला का रहने वाला था और लंबे समय से पाकिस्तान में छिपकर गतिविधियां चला रहा था। बताया जा रहा है कि वह जम्मू-कश्मीर में कई आतंकी घटनाओं से जुड़ा रहा है, जिनमें कई निर्दोष लोगों की जान भी गई थी।
इलाज के दौरान अबू सखर मकसूद अहमद की मौत
हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है। इसे एक रहस्यमय मौत बताया जा रहा है और जांच की बातें भी सामने आ रही हैं। दूसरी घटना में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक व्यक्ति अबू सखर मकसूद अहमद की मौत की जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उसकी मौत इलाज के दौरान हुई। बताया गया है कि उसका संबंध आतंकी गतिविधियों से भी रहा है। बाद में उसका अंतिम संस्कार पाकिस्तान के फैसलाबाद के 72 चक बहमनीवाला इलाके में किया गया।
लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े कमांडर शेख यूसुफ अफरीदी की गोली मारकर हत्या
इसके अलावा एक और बड़ी घटना खैबर पख्तूनख्वा प्रांत से सामने आई, जहां लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े कमांडर शेख यूसुफ अफरीदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना 26 अप्रैल 2026 को लांडी कोटाल इलाके में हुई। बताया जाता है कि अज्ञात हमलावरों ने उस पर अचानक हमला किया और कई गोलियां चलाकर उसकी मौके पर ही हत्या कर दी। इन सभी घटनाओं के बाद पाकिस्तान में सुरक्षा स्थिति और आतंकी संगठनों की गतिविधियों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी भी घटना की पूरी और आधिकारिक पुष्टि या स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाए हैं।
