दुनिया

आर्थिक संकट के बीच पाकिस्तान ने यूक्रेन को बेचे करोड़ों डॉलर के हथियार, रिपोर्ट में खुलासे के बाद बना रहा बहाने

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Nov 14, 2023, 05:15 PM IST

यूक्रेन को हथियार उपलब्ध कराने के इन समझौतों पर 17 अगस्त, 2022 को हस्ताक्षर किए गए थे और ये विशेष रूप से 155 एमएम तोप के गोले की खरीद से जुड़े थे।

Image

पाकिस्तान ने दिए यूक्रेन को हथियार

Photo : AP

Pakistan Sold Weapons To Ukraine: मीडिया में आई एक खबर के अनुसार आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान ने रूस से जारी युद्ध में यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति करने के लिए पिछले साल कथित तौर पर दो निजी अमेरिकी कंपनियों के साथ हथियारों का सौदा करके कथित तौर पर 36 करोड़ 40 लाख अमेरिकी डॉलर कमाए थे। सोमवार को बीबीसी उर्दू की खबर के अनुसार एक ब्रिटिश सैन्य मालवाहक विमान ने यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति करने के लिए रावलपिंडी में पाकिस्तान वायु सेना के नूर खान अड्डे से साइप्रस, अक्रोटिरी में ब्रिटिश सैन्य अड्डे और फिर रोमानिया के लिए कुल पांच बार उड़ान भरी।

पाकिस्तान ने लगातार किया इनकार

हालांकि, पाकिस्तान ने लगातार इस बात से इनकार किया है कि उसने रोमानिया के पड़ोसी देश यूक्रेन को हथियार मुहैया कराए हैं। बीबीसी की खबर में अमेरिका की संघीय खरीद डेटा प्रणाली से मिले अनुबंध के विवरण का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि पाकिस्तान ने 155 एमएम तोप के गोले की बिक्री के लिए ग्लोबल मिलिट्री और नॉर्थ्रॉप ग्रुम्मन नामक अमेरिकी कंपनियों के साथ दो अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।

17 अगस्त, 2022 को समझौते पर हस्ताक्षर

खबर में कहा गया है कि यूक्रेन को हथियार उपलब्ध कराने के इन समझौतों पर 17 अगस्त, 2022 को हस्ताक्षर किए गए थे और ये विशेष रूप से 155 एमएम तोप के गोले की खरीद से जुड़े थे। बीबीसी उर्दू ने अपने दावों के समर्थन में और सबूतों का हवाला देते हुए कहा कि स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान के आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान देश के हथियारों के निर्यात में 3,000 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। खबर में कहा गया है कि पाकिस्तान ने 2021-22 में 1 करोड़ 30 लाख अमेरिकी डॉलर के हथियार निर्यात किए, जबकि 2022-23 में यह निर्यात 41 करोड़ 50 लाख अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया।

पाकिस्तान बना रहा बहाना

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन को हथियारों व गोला-बारूद बेचने से इनकार करते हुए कहा है कि पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच विवाद में सख्त तटस्थता की नीति बनाए रखी है और दोनों देशों को इस युद्ध में कोई हथियार या गोला-बारूद उपलब्ध नहीं कराया है। ये कथित समझौते पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट के शासनकाल के दौरान हुए थे। विभिन्न दलों के गठबंधन पीडीएम ने पिछले साल अप्रैल में अविश्वास मत के माध्यम से इमरान खान के नेतृत्व वाली सरकार गिरा दी थी। (Bhasha)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article