SCO Summit: किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान पाकिस्तान की एक और बचकानी और शर्मनाक हरकत उजागर हुई है। बिश्केक के 'इरिस ओरडो कांग्रेस हॉल' (Yrys Ordo Congress Hall) में जब SCO सदस्य देशों के शीर्ष राष्ट्राध्यक्षों की आधिकारिक ग्रुप फोटो खींची गई, तो उसमें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ एक साथ एक ही फ्रेम में नजर आए। लेकिन अंत में पाकिस्तान ने फिर वही पुरानी शर्मनाक हरकत कर डाली जिसके लिए वह कुख्यात है।
पाकिस्तान ने की ग्रुप फोटो में कांटछांट
पाकिस्तान की नापाक हरकत
इस वैश्विक सम्मेलन की आधिकारिक तस्वीरों को अपने सोशल मीडिया और प्रचार तंत्र पर जारी करते समय पाकिस्तान की ओर से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हिस्से को जानबूझकर क्रॉप करके हटा दिया गया। इसके साथ ही ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियान की फोटो को भी क्रॉप कर दिया गया जो पीएम मोदी के साथ खड़े थे। इस हरकत के लिए पाकिस्तान की सोशल मीडिया पर खूब किरकिरी हो रही है। लोग असली तस्वीर शेयर करके पाकिस्तान और शहबाज शरीफ को निशाने पर ले रहे हैं।
सवाल है कि आखिर क्यों पस्त पड़ा है पाकिस्तान?
शहबाज शरीफ को लगातार नजरअंदाज किया जाना
SCO समिट के दौरान जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हॉल में पहुंचे, तो उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बेहद गर्मजोशी के साथ मुलाकात की और हाथ मिलाया। इसके विपरीत, पास ही खड़े पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पीएम मोदी ने पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया और उनकी तरफ देखा तक नहीं।
आतंकवाद पर पीएम मोदी का कड़ा प्रहार
शिखर सम्मेलन के मुख्य मंच से संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने शहबाज शरीफ की मौजूदगी में ही सीमा पार आतंकवाद और इसके सुरक्षित पनाहगाहों पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि "आतंकवाद को अपनी नीति बनाना गलत है और इस पर दोहरे मापदंड स्वीकार नहीं किए जा सकते।
डिप्लोमैटिक अलगाव का डर
विश्व मंच पर भारत की बढ़ती साख, रूस और चीन के राष्ट्राध्यक्षों के साथ पीएम मोदी की सीधी व गर्मजोशी भरी बातचीत, और पाकिस्तान के वैश्विक अलगाव की तस्वीर जैसे ही मीडिया के माध्यम से पूरी दुनिया में फैलने लगी, पाकिस्तान बौखला गया। इसी बौखलाहट को छिपाने और घरेलू स्तर पर अपनी किरकिरी से बचने के लिए पाकिस्तानी मीडिया और हैंडलरों ने पीएम मोदी को ग्रुप फोटो से क्रॉप करके हटाने की नाकाम कोशिश की।
डिजिटल मीडिया पर उड़ी खिल्ली
इंटरनेट और सोशल मीडिया यूजर्स ने पाकिस्तान की इस हरकत को आड़े हाथों लिया। लोगों का कहना है कि फोटो को क्रॉप कर देने से ज़मीनी कूटनीतिक हकीकत और भारत का वैश्विक प्रभाव कम नहीं हो जाता। SCO जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान की इस तरह की छोटी हरकतों ने उसकी कूटनीतिक अपरिपक्वता को एक बार फिर दुनिया के सामने ला दिया है।
