भारत की देखादेखी अब पाकिस्तान भी अपनी वायुसेना को नए विमानों से लैस करने की तैयारी कर रही है। पाकिस्तान जो अभी तक अपने अमेरिकी फाइटर जेट पर निर्भर था, अब चाइनीज फाइटर जेट खरीदने जा रहा है। खबर है कि पाकिस्तान, चीन से जे-35 लड़ाकू विमान खरीदने जा रहा है, जो अमेरिकी एफ-16 को रिप्लेस करेगा।
जे-35 की होगी पहली बिक्री
रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान ने चीन से उन्नत स्टील्थ लड़ाकू विमान जे-35 के 40 जेट खरीदने की योजना बनाई है। यदि यह डील फाइनल होती है तो यह चीन के नवीनतम जेट का पहला निर्यात होगा। हांगकांग के साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की खबर के अनुसार, यह बिक्री बीजिंग द्वारा किसी विदेशी सहयोगी को पांचवीं पीढ़ी के जेट विमानों के निर्यात का पहला मामला होगा।
एफ-16 और मिराज की लेंगे जगह
‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ ने पाकिस्तानी मीडिया की खबरों का हवाला देते हुए कहा कि पाकिस्तान वायुसेना (पीएएफ) ने 40 विमानों की खरीद को मंजूरी दे दी है, जिनकी आपूर्ति दो साल के भीतर होने की उम्मीद है। इसके अनुसार ये विमान अमेरिकी एफ-16 और फ्रांसीसी मिराज लड़ाकू विमानों के पाकिस्तान के पुराने बेड़े की जगह लेंगे।
चीन के सहारे पाकिस्तान
चीन वर्तमान में इस क्षेत्र का एकमात्र देश है जिसने स्टील्थ विमान विकसित किया है। जे-35 को काफी खतरनाक माना जा रहा है। चीन लगातार पाकिस्तानी वायुसेना को मजबूत करते रहा है। चीन ने पाकिस्तान को जे-17 थंडर लड़ाकू विमान को संयुक्त रूप से विकसित करने और संचालित करने में मदद की है, जो कि पाकिस्तानी वायुसेना का मुख्य आधार है। चीन ने पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तानी नौसेना को चार उन्नत नौसैनिक फ्रिगेट दिए हैं, ताकि वह हिंद महासागर और अरब सागर में अपनी नौसेना के साथ मिलकर बड़ी भूमिका निभा सके।
