Karachi Rain : इन दिनों पूरे पाकिस्तान में भारी बारिश हो रही है। मंगलवार को कराची शहर में भारी बारिश हुई। इस बारिश की वजह शहर के कई इलाकों में बिजली व्यवस्था चरमरा और यातायात व्यवस्था पूरी तरह से लड़खड़ा गई। बारिश की तीव्रता को देखते हुए स्थानीय अधिकारियों को आपात स्थिति की घोषणा करनी पड़ी। बारिश की वजह से कराची में जनजीवन पटरी से उतर गया है।
कराची यातायात पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक कराची यातायात पुलिस की ओर से सुबह आठ बजे जारी एडवाइजरी में कहा गया कि भारी बारिश की वजह राजमार्ग सहित शहर के सभी प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। ऐसे में लोगों से सावधानी पूर्वक वाहन चलाने की अपील की जाती है। लोग वाहनों में तेजी से ब्रेक न लगाने और धीमी गति से वाहन चलाने का परामर्श जारी किया गया है। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक वाहनों के बीच दूरी रखने की भी सलाह दी गई है।

मंगलवार को कराची में हुई भारी बारिश। तस्वीर-AP
पीएमडी-पीडीएम के बीच तालमेल बेहतर करने को कहा
सिंध के मुख्य सचिव आसिफ हैदर शाह ने जिला प्रशासन, सिंध प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग और रेस्क्यू 1122 को हाई अलर्ट पर रहने के लिए कहा है। उन्होंने सभी डिप्टी कमिश्नरों को स्टाफ के साथ फील्ड में रहने का निर्देश दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक मुख्य सचिव ने शहर से बारिश के पानी को बाहर निकालने के लिए ड्रेनेज सिस्टम की तत्काल सफाई और पीएमडी एवं पीडीएम के बीच तालमेल बेहतर करने के लिए कहा है।
सादी टाउन में सबसे ज्यादा 35.8 मिलीमीटर बारिश हुई
पाकिस्तान मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट ने दिनभर रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान जताया है। विभाग ने कहा है कि शहर में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और आद्रता 85 प्रतिशत रहेगी। सादी टाउन में सबसे ज्यादा 35.8 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके बाद गुलशन ए मेमर में 33.3 और नजीमाबाद में 26 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई। शहर के अन्य हिस्सों में एक मिलीमीटर से सात मिलीमीटर के बीच बारिश हुई। शहर में लगातार हो रही बारिश की वजह से जरूरी सेवाओं से जुड़े सभी विभागों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।

कराची के कई इलाके पानी में डूबे हैं। तस्वीर-AP
मरने वालों की संख्या 657 हुई
पाकिस्तान में बारिश से बुरा हाल है। बीते दिनों में भारी बारिश से जानमाल का भारी नुकसान हुआ है। रिपोर्टों के मुताबिक बारिश जनित घटनाओं में मरने वालों की संख्या 657 हो गई है, जबकि 929 लोग घायल हुए हैं। रविवार को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के प्रवक्ता तैय्यब शाह ने कहा कि 22 अगस्त तक भारी मानसूनी बारिश जारी रहने की आशंका है।
