दुनिया

पाकिस्तान में हिंदू डॉक्टर की गोली मारकर हत्या, कराची के पॉश इलाके में हुई घटना CCTV में कैद, परिजनों का प्रदर्शन, अंतिम संस्कार से इनकार

Akash Chand Karachi Clifton: पाकिस्तान के कराची में बड़ी वारदात। बैंक से पैसे निकालकर जा रहे 28 वर्षीय हिंदू डॉक्टर आकाश चंद की लूटपाट के दौरान गोली लगने से मौत। न्याय की मांग को लेकर परिवार का अंतिम संस्कार से इनकार।

Image

पाकिस्तान में हिंदू डॉक्टर की गोली मारकर हत्या, कराची के पॉश इलाके में हुई घटना CCTV में कैद, परिजनों का प्रदर्शन, अंतिम संस्कार से इनकार

Hindu Doctor Killed Pakistan: पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की पोल खोलने वाली एक और बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सिंध प्रांत की राजधानी कराची के सबसे सुरक्षित और पॉश माने जाने वाले क्लिफ्टन इलाके में सोमवार को दिनदहाड़े लूटपाट की एक वारदात के दौरान 28 वर्षीय हिंदू डॉक्टर आकाश चंद (Dr. Akash Chand) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू अल्पसंख्यकों में भारी आक्रोश और असुरक्षा की भावना फैल गई है। मृतक डॉक्टर के न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया है और वे धरने पर बैठ गए हैं।

बैंक के बाहर अंधाधुंध फायरिंग: 50 लाख की लूट के दौरान गई जान

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (SSP) मेहरोज अली ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि डॉक्टर आकाश चंद पिछले दो वर्षों से कराची के प्रतिष्ठित 'जिन्ना पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल सेंटर' में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

क्या है पूरी घटना?

सोमवार को डॉक्टर आकाश चंद अपने पिता और चचेरे भाई के साथ एक स्थानीय बैंक से 50 लाख पाकिस्तानी रुपये (PKR) कैश निकालकर उसे दूसरे बैंक में जमा कराने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार दूसरे बैंक के बाहर रुकी, पीछे से एक कार में आए हथियारों से लैस बदमाशों ने उनसे नकदी से भरा बैग छीनने का प्रयास किया।

क्रॉस फायरिंग की चपेट में आए डॉक्टर

कार को घिरता देख बैंक के सुरक्षा गार्ड ने लुटेरों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में बदमाशों ने भी ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस दोनों तरफ से हुई गोलीबारी के बीच एक गोली डॉक्टर आकाश चंद को लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद लुटेरे 25 लाख रुपये से भरा एक पैकेट लेकर फरार होने में कामयाब रहे।

'जब तक गिरफ्तारी नहीं, तब तक अंतिम संस्कार नहीं'

इस वीभत्स घटना के बाद मृतक डॉक्टर आकाश चंद के चाचा खेम चंद और पूरे परिवार ने पाकिस्तान प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

परिजनों का कड़ा रुख है। उन्होंने कहा, 'हम आकाश का अंतिम संस्कार तब तक नहीं करेंगे, जब तक कि इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले हत्यारों और लुटेरों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर लेती। हमारे बच्चे की क्या गलती थी? शव को फिलहाल मोर्चरी (शवगृह) में रखा गया है और हम सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव के साथ जोरदार धरना प्रदर्शन करेंगे।'

परिवार का कहना है कि कराची का क्लिफ्टन इलाका बेहद हाई-सिक्योरिटी जोन माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में संपन्न, शिक्षित और सम्मानित हिंदू परिवार रहते हैं। अगर ऐसे सुरक्षित इलाके में भी दिनदहाड़े हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है, तो साफ है कि पाकिस्तान में हिंदू समुदाय पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रहा है।

जांच के घेरे में सुरक्षा गार्ड और इनसाइडर इनपुट

कराची पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या इस पूरी वारदात के पीछे किसी 'अंदरूनी सूत्र'का हाथ था, जिसने लुटेरों को इतनी बड़ी नकदी बैंक से निकालने की सटीक सूचना दी थी। इसके साथ ही पुलिस बैलिस्टिक रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि डॉक्टर आकाश चंद की मौत बदमाशों की गोली से हुई है या फिर बैंक के सुरक्षा गार्ड द्वारा आत्मरक्षा में चलाई गई गोली से। इस घटना ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के मानवाधिकारों और उनकी सुरक्षा पर बड़े सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ा author

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदे... और देखें

End of Article