दुनिया

ऊंट के पैर के लिए सिर के बल खड़ी हो गई पाकिस्तान सरकार, दुबई तक मचा बवाल

Pakistan News: पाकिस्तान के सिंध प्रांत में चारे की तलाश में एक खेत में घुसे ऊंट का पैर काट दिया गया। आरोपियों ने न केवल ऊंट का पैर काटा, बल्कि उसका पैर हाथ में लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी पोस्ट कर दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बवाल मचा हुआ है। पुलिस ने ऊंट का पैर काटने के आरोप में जमींदार रुस्तम शार और उसके पांच नौकरों को गिरफ्तार किया है।

Image

दुबई से ऊंट का कृत्रिम पैर मंगवाएगी पाकिस्तान सरकार

Photo : iStock

Pakistan News: पाकिस्तान में एक ऊंट और उसका पैर पूरी सरकार के लिए सिरदर्द बन गया है। आलम यह हो गया है कि पाकिस्तान सरकार सिर के बल खड़ी हो गई है और दुबई तक बवाल मचा हुआ है। यहां तक कि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने ऊंट का पूरा खर्चा उठाने का भी ऐलान कर दिया है। मामला भले ही किसी कहानी की तरह लगता हो, लेकिन हकीकत है।

दरअसल, पाकिस्तान के सिंध प्रांत में चारे की तलाश में एक खेत में घुसे ऊंट का पैर काट दिया गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बवाल मचा हुआ है। पुलिस ने ऊंट का पैर काटने के आरोप में जमींदार रुस्तम शार और उसके पांच नौकरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने न केवल ऊंट का पैर काटा, बल्कि उसका पैर हाथ में लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी पोस्ट कर दिया। अब इस मामले में पुश अधिकार संगठनों ने कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, उधर सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

दुबई से मंगवाया जाएगा कृत्रिम पैर

पुलिस ने बताया कि ऊंट के मालिक और किसान सूमर बेहान ने घटना की जानकारी अधिकारियों को नहीं दी थी, लेकिन मामला सामने आने के बाद उससे संपर्क किया गया। घटना के बाद सिंध प्रांत के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह के निर्देश पर आश्रय स्थल का दौरा करने के बाद पशुधन सचिव काजिम जाटो ने कहा, ऊंट को तुरंत कराची स्थित व्यापक आपदा प्रतिक्रिया सेवा (सीडीआरएस) पशु आश्रय स्थल ले जाया गया और उसके लिए दुबई से कृत्रिम पैर मंगवाया गया है।

सरकार उठाएगी पूरा खर्चा

पशुधन सचिव काजिम जाटो ने बताया कि सिंध सरकार ने ऊंट के इलाज का खर्च उठाने का वादा किया है और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी दुबई से ऊंट के लिए कृत्रिम पैर की व्यवस्था कर रहे हैं। जाटो ने बताया कि ऊंट के पैर में सुधार हो रहा है और उसके इलाज के अगले चरण के बारे में निर्णय लेने के लिए मंगलवार को उसका एक्स-रे कराया जाएगा। पुलिस ने बताया कि किसान ने अपराधी की पहचान करने और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने से इनकार कर दिया इसलिए राज्य की ओर से छह अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article