दुनिया

दाने-दाने को मोहताज पाकिस्तान, लेकिन जेल में बंद इमरान खान पर खर्च कर रहा हर महीने 12 लाख

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 9, 2024, 05:11 PM IST

Pakistan News : जेल अधिकारियों की ओर से लाहौर उच्च न्यायालय में पेश की गई रिपोर्ट के मुताबिक, 71 वर्षीय इमरान खान को जेल परिसर के अंदर विशेष सुविधाएं प्रदान की गई हैं जिसमें पांच लाख रुपये की लागत से अलग से सीसीटीवी प्रणाली शामिल है। वहीं, अन्य खर्च मिलाकर हर महीने 12 लाख रुपये खर्च होते हैं।

Image

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान

Photo : BCCL

Pakistan News: पाकिस्तान आर्थिक संकट से जूझ रहा है। जनता दाने-दाने को मोहताज है। महंगाई चरम पर है, आटे-चीनी के साथ डीजल-पेट्रोल के भाव आसमान छू रहे हैं। इसके बाजवूद पाकिस्तान अपने पूर्व प्रधानमंत्री को जेल में रखने के लिए हर महीने 12 लाख रुपये खर्च कर रहा है। एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सुरक्षा पर हर महीने 12 लाख का बोझ पाकिस्तान सरकार पर पड़ रहा है।

जेल अधिकारियों की ओर से लाहौर उच्च न्यायालय में पेश की गई रिपोर्ट के मुताबिक, 71 वर्षीय खान को जेल परिसर के अंदर विशेष सुविधाएं प्रदान की गई हैं जिसमें पांच लाख रुपये की लागत से अलग से सीसीटीवी प्रणाली शामिल है। यह उसी जेल में बंद सात हजार कैदियों की निगरानी करने वाली प्रणाली से अलग है।

अलग रसोई में बनता है इमरान खान का खाना

‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की खबर के मुताबिक, इमरान खान का खाना सहायक अधीक्षक की निगरानी में एक अलग रसोई में पकाया जाता है और भोजन परोसे जाने से पहले मेडिकल अधिकारी या उपाधीक्षक उसकी जांच करते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य की जांच और इलाज के लिए होली फैमिली हॉस्पिटल के छह से अधिक डॉक्टरों की टीम वहां 24 घंटे मौजूद है। इसके अलावा एक विशेषज्ञ दल उनकी नियमित जांच करता है।

इमरान खान की कोठरी तक पहुंच सीमित

इमरान खान के पास सात विशेष कोठरी में से दो हैं जबकि पांच अन्य कोठरियों को सुरक्षा कारणों से बंद रखा गया है। इन कोठरियों में करीब 35 कैदियों को रखा जाता है। खान की कोठरी तक पहुंच सीमित है, प्रवेश के लिए अनुमति की जरूरत होती है और उनके वार्ड की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पेशेवर रूप से प्रशिक्षित कर्मियों को नियुक्त किया गया है। खान की सुरक्षा में 15 कर्मी लगे हैं, जिनमें दो सुरक्षा अधिकारी और तीन उनकी निजी सुरक्षा के लिए हैं। इसके अलावा, जेल परिसर में एक निर्दिष्ट क्षेत्र इमरान खान के टहलने के लिए निर्धारित किया गया है, जहां व्यायाम मशीन और अन्य सुविधाएं हैं। रिपोर्ट में अडियाला जेल की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जेल पुलिस, रेंजर्स और जिला पुलिस के सहयोगात्मक प्रयासों के बारे में जानकारी दी गई है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article