Pakistan Flood: पाकिस्तान के कई प्रांत में बाढ़ ने लोगों को जीना मुहाल कर रखा है। बाढ़ की वजह से लोग अपने घर छोड़कर पलायन कर चुके हैं। इसी बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ (khwaja Asif) ने बाढ़ को लेकर अजीबोगरीब बयान दिया है। उनका बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में ख्वाजा आसिफ ने कहा कि लोग इसे अल्लाह का आशीर्वाद मानें और पानी को अपने घरों में जमा करें। ख्वाजा ने कहा कि पूरी दुनिया में पानी की कमी से हाहाकार मचा है। उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान में बाढ़ का आना एक सुखद संयोग है। इसे आपदा नहीं, बल्कि अल्लाह की कृपा समझें।
बाढ़ की वजह से 33 लोगों की हुई मौत
पाकिस्तानी समाचार चैनल एआरवाई न्यूज के अनुसार, बाढ़ और बारिश के कारण 33 लोगों की मौत हो गई, 2,200 गांव प्रभावित हुए तथा पंजाब प्रांत में 700,000 से अधिक निवासियों को घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। पंजाब की वरिष्ठ मंत्री मरियम औरंगजेब ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "यह पंजाब के इतिहास की सबसे बड़ी बाढ़ है।" बता दें कि बाढ़ की वजह से 20 लाख लोग प्रभावित हैं। पहली बार है जब तीनों नदियां सतलुज, चिनाब और रावी में पानी का जलस्तर इतना बड़ गया है।
पीएम शहबाज ने दी खाद्यान्न की कमी की चेतावनी
लगभग 15 करोड़ की आबादी वाला पंजाब एक प्रमुख कृषि क्षेत्र और पाकिस्तान का प्रमुख गेहूं उत्पादक राज्य है। 2022 में आई बाढ़ ने पूर्व और दक्षिण में बड़े पैमाने पर फसलों को नष्ट कर दिया, जिसके कारण प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने खाद्यान्न की कमी की चेतावनी दी।
राष्ट्रीय मौसम केंद्र ने बताया कि पंजाब में 1 जुलाई से 27 अगस्त के बीच पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 26.5 प्रतिशत अधिक मानसूनी वर्षा हुई। पाकिस्तान के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि 26 जून से अब तक देश भर में वर्षाजनित घटनाओं में 849 लोग मारे गए हैं और 1,130 घायल हुए हैं।
