Pakistan faces protests : पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत के खिलाफ युद्ध की तैयारी और बड़े-बड़े दावे करने वाला पाकिस्तान अपने घरेलू मोर्चे पर बुरी तरह फंस गया है। देश के आतंरिक हालात उसके गृह युद्ध की तरफ जाने का इशारा कर रहे हैं। बगावत और विद्रोह की चिंगारी बलूचिस्तान, सिंध से लेकर गिलगिट-बाल्टिस्तान तक फैली हुई है। लोग सड़कों पर हैं। सिंध में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। गिलगिट-बाल्टिस्तान में लोग अपनी मांगों को लेकर सड़क पर हैं तो बूलचिस्तान में बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) का दावा है कि उसने एक रात के ऑपरेशन में पाकिस्तान के 102 सैनिकों को मार गिराया है जबकि 22 पाकिस्तानी सैनिक उसके कब्जे में हैं।
सिंध प्रांत में भारी विरोध-प्रदर्शन
पाकिस्तान में सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन सिंध प्रांत में हो रहा है। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक यहां सिंधु नदी पर बनने वाली विवादास्पद नहर परियोजना के खिलाफ लोग सड़कों पर हैं। इस विरोध प्रदर्शन की वजह से हजारों की संख्या में ट्रक जगह-जगह फंस गए हैं। कंपनियों में कच्चे माल की कमी होने से उनका उत्पादन ठप पड़ गया है। सिंध प्रांत में प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिशों के कई इलाकों में राजमार्ग पूरी तरह से बंद है। ट्रकों की आवाजाही बंद होने से आपूर्ति श्रृंखला बुरी तरह से प्रभावित हुई है।
राजमार्ग के कई इलाके पूरी तरह से बंद
प्रदर्शनकारी जिनमें सिविल सोसायटी के लोग, वकील और राष्ट्रवादी पार्टियां शामिल हैं, उनका कहना है कि सरकार जब तक प्रस्तावित नहर परियोजना को वापस नहीं लेती तब तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। रिपोर्टों के मुताबिक कंधकोट, काशमोरे, घोटकी, सुक्कुर और खैरपुर जिलों में बड़ी संख्या में ट्रक फंसे हुए हैं। सड़क खाली करने की सिंध सरकार की अपील को भी प्रदर्शनकारियों ने अनसुना कर दिया है।
बाल्टिस्तान में सैकड़ों लोग सड़क पर
सिंध के अलावा पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले गिलगिट-बाल्टिस्तान में भी लोग सड़कों पर हैं और शहबाज सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि सरकार उनकी जमीन और खनिज संसाधनों को लूटने की कोशिश कर रही है। यही नहीं उन्हें बिजली की भारी कटौती का भी सामना करना पड़ रहा है। बीते रविवार को पाकिस्तान की सरकार और सेना के खिलाफ सिगार जिले में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। लोग सरकार के प्रस्तावित माइंस एंड मिनरल्स बिल का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि इसके जरिए सरकार उनकी जमीन, पहाड़ और खनिज तत्वों पर अवैध रूप से कब्जा करना चाहती है।
102 पाक सैनिकों को मारने का BLA का दावा
इस बीच, बलूचिस्तान में बलोच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने बड़ा दावा किया है। X पर पोस्ट अपने एक बयान में बीएलए ने कहा है कि बलूचिस्तान में रात भर चले ऑपरेशन में उसने 102 पाकिस्तानी सैनिकों को मार दिया है और 22 सैनिक उसके कब्जे में हैं। आजादी की उनकी यह लड़ाई जारी रहेगी। जाहिर है कि पाकिस्तान घरेलू मोर्चे पर बुरी तरह घिर चुका है। बगावत, विद्रोह और प्रदर्शन उसे गृह युद्ध की तरफ ले जा रहे हैं। ऐसे में भारत के साथ यदि वह टकराता है तो उसे कई मोर्चों पर एक साथ लड़ना पड़ सकता है।
