Pakistan Christians: पाकिस्तान में इस बार ईसाई समुदाय के लोगों को निशाना बनाया गया है। पहले हिंदू और सिख समुदाय पर पाकिस्तान में हमले होते रहे हैं, अब ईसाईयों पर भी हमले होने लगे हैं। ईसाई समुदाय के घरों में आग लगी दी गई, उन्हें जमकर पिटा गया। इस घटना में दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है।
बेअदबी का आरोप
कुरान के अपमान के आरोप में कट्टरपंथी इस्लामवादियों के नेतृत्व में भीड़ ने शनिवार को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में ईसाइयों पर हमला कर दिया, जिसमें अल्पसंख्यक समुदाय के कम से कम दो सदस्य घायल हो गए। यह घटना सुबह लाहौर से करीब 200 किलोमीटर दूर पंजाब के सरगोधा जिले के मुजाहिद कॉलोनी में हुई। पुलिस का दावा है कि समय पर मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है।
किसने किया पाकिस्तान में ईसाईयों पर हमला
ईसाई समुदाय की संपत्तियों पर भीड़ के हमले के कई वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। कट्टरपंथी तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (टीएलपी) कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में भीड़ ने ईसाई समुदाय पर हमला किया, उनकी संपत्ति को जला दिया और तोड़फोड़ की। पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि शनिवार सुबह मुजाहिद कॉलोनी के कुछ युवाओं ने आरोप लगाया कि नजीर गिल मसीह नामक व्यक्ति ने कुरान का अपमान किया है।
टीएलपी ने किया हमला
जिसके बाद टीएलपी कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में एक भीड़ ने नजीर के आवास और एक कारखाने की ओर मार्च किया। उन्होंने उसकी जूता फैक्ट्री और घर में आग लगा दी। उन्होंने ईसाइयों की कुछ दुकानों में भी तोड़फोड़ की। इससे पहले कि पुलिस मौके पर पहुंचती, भीड़ ने नजीर को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।
