Pak F-16s Escort JD Vance's Aircraft : दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका को अपनी सुरक्षा पुख्ता करने के लिए किसी और मुल्क से मदद लेनी पड़े तो यह थोड़ी अजीब बात लगती है। वह भी अमेरिका के उपराष्ट्रपति के विमान को पाकिस्तान जैसा देश यदि सुरक्षा दे तो यह और भी हास्यास्पद लगता है। दरअसल, सीजफायर वार्ता में शरीक होने के लिए जेडी वेंस का विमान जब पाकिस्तान वायु क्षेत्र के करीब पहुंचा तो पाकिस्तानी वायु सेना के करीब 5 विमानों ने उसे एस्कॉर्ट्स किया। वेंस के विमान को एस्कॉर्ट्स करते एफ-15 के वीडियो सोशल मीडिया में शेयर हुए हैं। वेंस का विमान इस्लामाबाद के नूर खां एयरबेस पर उतरा। यह वही एयरबेस है जिस पर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने अपनी ब्रह्मोस मिसाइल से हमला किया था। इस हमले में इस एयरबेस को काफी नुकसान पहुंचा था।
जेडी वेंस के विमान को F-16 ने दी सुरक्षा।
वेंस के लिए परीक्षा की घड़ी
मीडिया में ऐसी रिपोर्टें आईं है कि पाकिस्तान में अपनी सुरक्षा को लेकर वेंस थोड़े चिंतित थे लेकिन पाकिस्तानी सेना के प्रमुख आसिम मुनीर ने अपना एफ-16 फाइटर जेट्स भेजकर उनके प्लेन को सुरक्षा मुहैय्या कराई। ईरान के साथ होने वाली इस वार्ता पर दुनिया भर की नजरें टिकी हैं। साथ ही वेंस के लिए भी यह बहुत बड़ी परीक्षा की घड़ी है। सीजफायर आगे बढ़ता है या कोई सकारात्मक चीज अगर होती है तो यह उप राष्ट्रपति के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि होगी और यह वार्ता यदि नाकाम हो जाती है तो वेंस के राजनीतिक करियर पर यह एक 'दाग' की तरह होगा।
डार और मुनीर ने वेंस की अगवानी की
वेंस के नूर खान एयरबेस पहुंचने पर पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इसहाक डार और सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने उनकी अगवानी की।
वेंस के साथ अमेरिका के राष्ट्रपति के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जारेड कुशनर भी हैं। उन्होंने पाकिस्तान रवाना होने से पहले कहा था कि वह वार्ता को लेकर आशान्वित हैं और उम्मीद करते हैं कि यह सकारात्मक रहेगी। वेंस ने विमान में सवार होने से पहले कहा था, "जैसा कि (अमेरिका के) राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर ईरानी अच्छी नीयत से बातचीत करने को तैयार हैं तो हम सहयोग का हाथ बढ़ाने के लिए निश्चित रूप से तत्पर हैं लेकिन अगर वे हमारे साथ खेल खेलने की कोशिश करेंगे, तो उन्हें पता चलेगा कि वार्ता करने वाली टीम इतनी भी सहयोगी नहीं है।
शनिवार तड़के पहुंचा ईरानी शिष्टमंडल
ईरानी प्रतिनिधिमंडल अमेरिका के साथ वार्ता के लिए शनिवार तड़के पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच युद्धविराम की उम्मीद के साथ दुनिया भर की नजरें इस वार्ता पर टिकी हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा करते हुए कहा था कि अमेरिका और ईरान इस्लामाबाद में वार्ता करेंगे। उन्होंने ’एक्स’ पर जारी अपना वक्तव्य अमेरिका और ईरान के राष्ट्रपतियों को भी टैग किया था।
