दुनिया

यूएन में भारत ने किया पाकिस्तान को बेनकाब, पाक रक्षा मंत्री के कबूलनामे का दिया हवाला देकर जमकर धोया, बताया दुष्ट देश

भारत ने संयुक्त राष्ट्र में कहा कि पाकिस्तान द्वारा आतंकवादी संगठनों को समर्थन और वित्त पोषण देने के इतिहास को खुले तौर पर स्वीकार करना पाकिस्तान को एक दुष्ट देश के रूप में उजागर करता है।

Image

UN में भारत ने पाकिस्तान को किया बेनकाब

Photo : ANI

Pakistan Fuelling Global Terrorism: पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर भारत ने संयुक्त राष्ट्र में एक बार फिर पाकिस्तान और उसके कुत्सित इरादों को बेनकाब किया है। भारत ने कहा कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ द्वारा अपने देश के आतंकवादी संगठनों को समर्थन और वित्त पोषण देने के इतिहास को खुले तौर पर स्वीकार करना पाकिस्तान को एक दुष्ट देश के रूप में उजागर करता है। इससे साफ होता है कि पाकिस्तान वैश्विक आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है और क्षेत्र को अस्थिर कर रहा है।

योजना पटेल ने पाकिस्तान को घेरा

संयुक्त राष्ट्र में भारत की उप स्थायी प्रतिनिधि राजदूत योजना पटेल ने संयुक्त राष्ट्र आतंकवाद निरोधक कार्यालय के 'आतंकवाद के पीड़ितों के संघ नेटवर्क' (VoTAN) के हाइब्रिड लॉन्च कार्यक्रम में पाकिस्तान के प्रतिनिधि द्वारा जम्मू-कश्मीर में पहलगाम आतंकवादी हमले का संदर्भ दिए जाने पर जवाब देने के अपने अधिकार का जोरदार इस्तेमाल किया।

योजना पटेल ने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक विशेष प्रतिनिधिमंडल ने इस मंच का दुरुपयोग करके दुष्प्रचार करने और भारत के खिलाफ निराधार आरोप लगाने का विकल्प चुना है। उन्होंने कहा, पूरी दुनिया ने हाल ही में एक टेलीविजन साक्षात्कार में पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ द्वारा आतंकवादी संगठनों को समर्थन, प्रशिक्षण और वित्त पोषण देने के पाकिस्तान के इतिहास को स्वीकार करते हुए सुना है।

UN में पाकिस्तान बेनकाब

UN में पाकिस्तान बेनकाब

योजना पटेल ने कहा कि इस खुले कबूलनामे से किसी को आश्चर्य नहीं हुआ है और यह पाकिस्तान को एक दुष्ट देश के रूप में उजागर करता है जो वैश्विक आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है और क्षेत्र को अस्थिर कर रहा है। दुनिया अब और आंखें नहीं मूंद सकती। मेरे पास कहने के लिए और कुछ नहीं है।

ख्वाजा आसिफ ने क्या कहा था

स्काई न्यूज पर हाल ही में दिए गए एक साक्षात्कार में आसिफ ने कहा, आप जानते हैं कि हम अमेरिका और ब्रिटेन सहित पश्चिम के लिए लगभग तीन दशकों से यह गंदा काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पाकिस्तान का इन आतंकवादी संगठनों को समर्थन, प्रशिक्षण और वित्तपोषण देने का लंबा इतिहास रहा है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article