दुनिया

'अपनी पीढ़ियों को बताएं हम हिंदुओं से अलग है', भारत के खिलाफ पाक सेना प्रमुख ने उगला जहर, छेड़ा कश्मीर राग

Pak Army chief: बुधवार को पाकिस्तानी प्रवासी सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुनीर ने कहा, 'हम जीवन के सभी पहलुओं में हिंदुओं से पूरी तरह अलग हैं, यह बात हमारे पूर्वजों को पता थी। हमारा धर्म अलग है। हमारी परंपरा और प्रथा अलग है। हमारे विचार हमारी महत्वाकांक्षाएं अलग हैं। इसी वजह से द्वि-राष्ट्र सिद्धांत अस्तित्व में आया। यह मानकर चला गया कि हम दो देश हैं, एक नहीं।'

Image

पाकिस्तानी सेना के प्रमुख आसिम मुनीर।

Pak Army chief: पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने अपने पूर्ववर्ती जनरलों की तरह भारत के खिलाफ अपनी नफरती सोच जाहिर की है। उन्होंने देश के लोगों से अपने बच्चों को पाकिस्तान बनने की कहानी सुनाने और द्वि-राष्ट्र सिद्धांत के बारे में बताने के लिए कहा है। मुनीर ने कहा कि पाकिस्तानी बच्चों को 'हिंदू और मुसलमान होने के बुनियादी फर्क' को जरूर बताया जाना चाहिए। उन्होंने बताया जाना चाहिए कि 1947 में पाकिस्तान का निर्माण कैसे हुआ।

हम हिंदुओं से पूरी तरह अलग-मुनीर

बुधवार को पाकिस्तानी प्रवासी सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुनीर ने कहा, 'हम जीवन के सभी पहलुओं में हिंदुओं से पूरी तरह अलग हैं, यह बात हमारे पूर्वजों को पता थी। हमारा धर्म अलग है। हमारी परंपरा और प्रथा अलग है। हमारे विचार हमारी महत्वाकांक्षाएं अलग हैं। इसी वजह से द्वि-राष्ट्र सिद्धांत अस्तित्व में आया। यह मानकर चला गया कि हम दो देश हैं, एक नहीं।'

कलमे की बुनियाद पर बना पाकिस्तान

उन्होंने कहा, 'आप इन सब बातों को अपने बच्चों को बताएं ताकि वे पाकिस्तान की कहानी नहीं भूलें। इस देश के लिए हमारे पूर्वजों ने बड़ी कुर्बानियां दीं और हमने भी इस देश को बनाने के लिए काफी बलिदान दिया है। मेरे भाई-बहन, बेटे-बेटियां इस कहानी को मत भूलिएगा।' मुनीर ने दावा किया कि दुनिया में केवल दो रियासतें अल्लाह ने कलमे की बुनियाद पर बनाई हैं, एक मदीना और दूसरा पाकिस्तान। उन्होंने कहा कि अल्लाह ने 1300 साल के बाद पाकिस्तान बनाया है।

हम आतंकियों को जल्द हरा देंगे-मुनीर

पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने पाकिस्तान में बढ़ रहे आतंकी हमलों पर कहा कि 'क्या आतंकी हमारे देश से हमारी किस्मत छीन सकते हैं? जब 13 लाख की मजबूत भारतीय सेना, हमें नहीं डरा सकती तो कुछ आतंकी क्या हमें हरा सकते हैं? बलूचिस्तान पाकिस्तान का गर्व है और आपको लगता है कि आप इसे आसानी से ले सकते हैं? आपकी दस पीढ़ियां भी इसे नहीं ले पाएंगी। हम जल्द ही आतंकियों को हरा देंगे।'

कश्मीर को 'पाकिस्तान के गले की नस' बताया

प्रवासी पाकिस्तानियों की तारीफ करते हुए मुनीर ने कहा कि आप अपने देश के लिए पैसे भेजते हैं, निवेश करते हैं. इससे आपका अपने मुल्क से प्यार झलकता है। दरअसल, आर्थिक तंगहाली से जूझ रहे पाकिस्तान को ओवरसीज पाकिस्तानियों के डॉलर की सख्त जरूरत है। मुनीर ने कश्मीर को ‘पाकिस्तान के गले की नस’ बताया और गाजा में इजरायल की कार्रवाई का जिक्र कर कहा कि पाकिस्तानियों के दिल गाजा के मुसलमानों के साथ है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article