World Leaders On Pahalgam Terrorist Attack: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर लिखा कि कश्मीर से बेहद परेशान करने वाली खबर आई है। आतंकवाद के खिलाफ अमेरिका भारत के साथ मजबूती से खड़ा है। हम हमले में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस और उनकी पत्नी उषा चिलुकुरी ने भी मंगलवार को पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। भारत की यात्रा पर आए वेंस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उषा और मैं भारत के पहलगाम में हुए खौफनाक आतंकवादी हमले के पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में हम इस देश और इसके लोगों की खूबसूरती से अभिभूत हैं। इस भयानक हमले में हमारे विचार और प्रार्थनाएं उनके साथ हैं।
मेलोनी ने आतंकी हमले की निंदा की
इटली की प्रधानमंत्री ने भी पहलगाम हमले की निंदा करते हुए भारत सरकार और यहां के लोगों के साथ एकजुटता की बात कही। मेलोनी ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना भी जाहिर की है।
वहीं रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि इस क्रूर अपराध का कोई औचित्य नहीं है। उम्मीद करते हैं कि हमले को अंजाम देने वाले अपराधियों को उचित सजा मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि वह आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारतीयों के साथ अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर से दोहराते हैं।
आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ खड़ा है इजराइल
इजराइल ने भी मंगलवार को कहा कि वह जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले से बहुत दुखी है और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ खड़ा है। इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सा’र ने एक्स पर एक पोस्ट में हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए जघन्य आतंकवादी हमले से बहुत दुख हुआ है। हमारी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्रालय ने भी आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की। उनकी तरफ से कहा गया है कि यूएई इन आपराधिक कृत्यों की कड़ी निंदा करता है और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन कर सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करने के मकसद से की गई हिंसा और आतंकवाद के सभी रूपों को स्थायी रूप से अस्वीकार करता है।
आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत
बता दें, कश्मीर के पहलगाम शहर के निकट ‘मिनी स्विटरलैंड’ नाम से मशहूर पर्यटन स्थल पर मंगलवार दोपहर हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर पर्यटक हैं। यह 2019 में पुलवामा में हुए हमले के बाद घाटी में हुआ सबसे घातक हमला है। एक उच्च पदस्थ अधिकारी ने बताया कि 26 मृतकों में दो विदेशी और दो स्थानीय निवासी हैं।
