दुनिया

Pahalgam attack: यूके में भारतीयों ने दिया पाकिस्तानियों को करारा जवाब, गूंजे भारत 'माता की जय' और 'वंदे मातरम के नारे'

"सभी की निगाहें पहलगाम पर हैं" विरोध प्रदर्शन का आयोजन ब्रिटेन के विभिन्न हिस्सों में भारतीय प्रवासी समूहों द्वारा किया गया है, जिसमें मैनचेस्टर, स्कॉटलैंड में एडिनबर्ग और उत्तरी आयरलैंड में बेलफास्ट शामिल हैं।

Image

यूके में भारतीयों प्रवासियों ने किया विरोध-प्रदर्शन

Pahalgam attack: पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर यूके में पाकिस्तानी प्रोपेगैंडा और प्रदर्शन का भारतीय प्रवासियों ने करारा जवाब दिया। पाकिस्तानी दुष्प्रचार का जवाब देने के लिए बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय और प्रवासी प्रतिनिधि लंदन में भारतीय उच्चायोग में पहुंचे। भारत माता की जय और वंदे मातरम का नारा लगाते हुए और भारतीय तिरंगा लहराते हुए भारत समर्थक प्रदर्शनकारियों की संख्या रविवार शाम को इंडिया हाउस के सामने मौजूद ब्रिटिश पाकिस्तानियों के छोटे समूह से कहीं अधिक थी।

पुलिस रही मौजूद

इस दौरान मेट्रोपॉलिटन पुलिस भी मौजूद थी ताकि दोनों पक्षों के बीच किसी भी तरह का टकराव न पैदा हो। बाद में ब्रिटिश भारतीय समूहों ने 22 अप्रैल के आतंकी हमले के पीड़ितों को याद करने के लिए पिकाडिली सर्कस में मोमबत्ती जलाई गई। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी। इस घटना के बाद से भारत के सख्त कदमों के चलते पाकिस्तान बौखला उठा है और भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है।

"सभी की निगाहें पहलगाम पर हैं"

इसी तरह के "सभी की निगाहें पहलगाम पर हैं" विरोध प्रदर्शन का आयोजन ब्रिटेन के विभिन्न हिस्सों में भारतीय प्रवासी समूहों द्वारा किया गया है, जिसमें मैनचेस्टर, स्कॉटलैंड में एडिनबर्ग और उत्तरी आयरलैंड में बेलफास्ट शामिल हैं। पाकिस्तान द्वारा आतंकवादी संगठनों को समर्थन की निंदा करते हुए भारतीय प्रवासियों ने पूरी सक्रियता दिखाई है। सामुदायिक समूह इनसाइट यूके ने कहा कि इसका उद्देश्य आतंकवाद के खिलाफ एकजुट मोर्चा पेश करना है।

पाकिस्तानियों को करारा जवाब

रविवार का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को ब्रिटेन की राजधानी में पाकिस्तान उच्चायोग के बाहर भारतीय प्रवासी संगठनों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद हुआ है। ब्रिटिश पाकिस्तानियों के जवाब में भारतीय समुदाय ने विरोध प्रदर्शन किया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में एक पाकिस्तानी अधिकारी को इमारत के बाहर भारतीय प्रदर्शनकारियों की ओर गला काटने की धमकी देने का इशारा कैमरे पर कैद हुआ था।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article