Pakistan Crisis: बदहाल पाकिस्तान में एक बार फिर से पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) पार्टी प्रमुख इमरान खान की रिहाई की मांग तेज हो गई। इसी सिलसिले में पुलिस ने शुक्रवार को पीटीआई के 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।
PTI समर्थकों का विरोध प्रदर्शन
पंजाब प्रांत में पीटीआई समर्थक इमरान खान को जेल से रिहा करने की मांग करते हुए सड़कों पर उतरे। पीटीआई की पंजाब मुख्य आयोजक आलिया हमजा मलिक ने कहा कि तमाम बाधाओं और पार्टी पर शिकंजा कसे जाने के बावजूद खान समर्थक उनके साथ एकजुटता व्यक्त करने और स्थानीय तथा विदेशी साजिश के जरिए उनकी सरकार पलटने के खिलाफ प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतरने में कामयाब रहे।
उन्होंने कहा कि रैलियों के संबंधित मार्गों पर अलग-अलग रास्तों पर गुरुवार को पुलिस ने 100 से अधिक पीटीआई नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को गिरफ्तार किया है।
2022 में गिरी थी इमरान सरकार
मौजूदा सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) के नेतृत्व में तत्कालीन विपक्षी दलों के गठबंधन ने तत्कालीन इमरान खान सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था जिसके चलते 10 अप्रैल, 2022 को इमरान सरकार गिर गई।
उन्होंने कहा कि हम पाकिस्तान में सत्ता परिवर्तन की घटना को नहीं भूले हैं। हम इमरान खान के प्रति वफादार हैं। उन्होंने कहा कि खान को 'विदेशी और आंतरिक साजिश के तहत 10 अप्रैल 2022 की रात को' सत्ता से बेदखल किया गया था। उन्होंने कहा कि कठपुतली सरकार ने खान को अवैध रूप से कैद कर लिया है लेकिन पीटीआई कार्यकर्ता उनकी रिहाई तक चैन से नहीं बैठेंगे।
