दुनिया

Operation Kaveri: सूडान में फंसे भारतीयों को निकालने का सिलसिला तेज, 135 लोगों का तीसरा जत्था रवाना

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 26, 2023, 06:43 AM IST

युद्धग्रस्त सूडान से अपने नागरिकों को निकालने के लिए 'ऑपरेशन कावेरी' चल रहा है और लगभग 500 भारतीय पोर्ट सूडान पहुंच गए हैं।

Image

ऑपरेशन कावेरी जोरों पर

Photo : ANI

Operation Kaveri: सूडान में फंसे भारतीयों को निकालने का सिलसिला तेज हो गया है। दूसरे IAF C-130J विमान पर सवार 135 अन्य फंसे हुए भारतीयों का तीसरा जत्था बुधवार को संकटग्रस्त सूडान से रवाना हुआ। विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने 148 निकाले गए भारतीयों के दूसरे जत्थे की आगवानी की। IAF C-130J बुधवार को जेद्दा एयरपोर्ट पहुंचा। इससे पहले नौसैनिक पोत आईएनएस सुमेधा 278 यात्रियों को लेकर जेद्दा बंदरगाह पहुंचा था।

ऑपरेशन कावेरी जोरों पर

विदेश मंत्रालय ने ट्वीट किया- ऑपरेशन कावेरी पूरे जोरों पर है। दूसरी IAF C-130J फ्लाइट पोर्ट सूडान से जेद्दाह के लिए रवाना हुई, जिसमें अन्य 135 यात्री सवार थे। ऑपरेशन कावेरी के तहत निकाले गए लोगों का यह तीसरा जत्था है। इससे पहले बुधवार को विदेश मंत्रालय ने ट्वीट कर बताया कि IAF C-130J विमान से 121 यात्री रवाना हुए।

हालांकि, विदेश मंत्रालय ने बाद में ट्वीट कर कहा कि दूसरे बैच में 148 भारतीयों को निकाला गया। विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने ट्वीट किया, "सूडान बंदरगाह से ऑपरेशन कावेरी के तहत पहला IAF C-130J विमान 148 भारतीयों को लेकर जेद्दा पहुंचा।" मंगलवार को विदेश राज्य मंत्री ने इंटरनेशनल इंडियन स्कूल, जेद्दा में ट्रांसिट सुविधा का निरीक्षण किया, जहां सूडान से निकाले गए भारतीयों को भारत आने से पहले रखा जाएगा।

500 भारतीय पोर्ट सूडान पहुंचे

राजधानी खार्तूम में सूडानी सेना और विद्रोही समूहों के बीच लड़ाई तेज होने के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को जानकारी दी कि युद्धग्रस्त सूडान से अपने नागरिकों को निकालने के लिए उसका 'ऑपरेशन कावेरी' चल रहा है और लगभग 500 भारतीय पोर्ट सूडान पहुंच गए हैं।

आईएनएस तेग भी पहुंचा

युद्धग्रस्त देश से फंसे हुए भारतीयों को वापस लाने के लिए भारत ने ऑपरेशन कावेरी शुरू किया है। भारतीय नौसेना का आईएनएस तेग मंगलवार को सूडान में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए जारी ऑपरेशन कावेरी में शामिल हो गया। विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जहाज मंगलवार को अतिरिक्त अधिकारियों और फंसे हुए भारतीयों के लिए आवश्यक राहत सामग्री के साथ पोर्ट सूडान पहुंचा।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने मंगलवार को ट्वीट किया, आईएनएस तेग ऑपरेशन कावेरी में शामिल हुआ। अतिरिक्त अधिकारियों और फंसे हुए भारतीयों के लिए जरूरी राहत सामग्री के साथ पोर्ट सूडान पहुंचा। बागची ने कहा, यह पोर्ट सूडान में दूतावास कैंप कार्यालय द्वारा चलाए जा रहे निकासी के प्रयासों को बढ़ावा देगा।" आईएनएस तेग भारतीय नौसेना के लिए निर्मित चौथा तलवार-श्रेणी का जहाज है।

72 घंटे के युद्धविराम के लिए सहमति

सूडान में युद्धरत गुटों ने अमेरिका और सऊदी अरब द्वारा मध्यस्थता के बाद सोमवार को 72 घंटे के युद्धविराम के लिए सहमति जताई। इस दौरान कई देश से अपने नागरिकों को निकालने में लगे हुए हैं।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article