दुनिया

'घरों से न निकलें बाहर...', वेस्ट बैंक के पास हुई अंधाधुंध गोलीबारी में एक की मौत, छह अन्य घायल; मारा गया हमलावर

Israel Hamas Conflict: इजरायल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक और आसपास के इजराइली कस्बों में रविवार को एक साथ गोलीबारी की कई घटनाएं हुईं जिनमें कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई।

Image

वेस्ट बैंक के पास हुई गोलीबारी

Photo : AP

Israel Hamas Conflict: इजरायल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक और आसपास के इजराइली कस्बों में रविवार को एक साथ गोलीबारी की कई घटनाएं हुईं जिनमें कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। इजरायल की बचाव सेवा 'मैगन डेविड एडम' ने यह जानकारी दी।

एक हमलावर ढेर, अन्य की तलाश जारी

इजरायल पुलिस ने बताया कि उन्होंने एक हमलावर को मार गिराया है। इजरायली सैनिकों की बड़ी टुकड़ियों ने इलाके में ज़मीन और हवाई तलाशी अभियान चलाकर अन्य हमलावरों की तलाश की। जिन स्थानों पर लोगों को गोली लगी थी, उनकी संख्या ने शुरू में इस आशंका को जन्म दिया कि यह कई संगठित समूहों के हमलावरों द्वारा समन्वित हमले हो सकते हैं।

बचाव सेवा संगठन 'मैगन डेविड एडम' ने कहा कि उसे वेस्ट बैंक के साथ सीमा के इजरायली हिस्से में स्थित कोखाव यायर शहर के पास एक गैस स्टेशन पर गोलीबारी की पहली रिपोर्ट सुबह लगभग 10:30 बजे मिली। इसके तुरंत बाद गोलीबारी की कई अन्य घटनाएं सामने आईं, जिनमें से एक वेस्ट बैंक के अंदर हुई थी। पुलिस ने हमलावर की पहचान पास के अरब कस्बे तैबेह के एक फलस्तीनी नागरिक के रूप में की है, जो इजरायल में रहता है। क्षेत्रीय परिषद प्रमुख के अनुसार, इलाके के निवासियों को घर में रहने के निर्देश दिए गए और बच्चों को स्कूल में ही बंद रखा गया।

अक्टूबर 2023 में गाजा में युद्ध शुरू होने के बाद से इस क्षेत्र में इजरायल की सैन्य गतिविधि, वेस्ट बैंक में इजरायलियों पर हमले और फलस्तीनियों के खिलाफ इजरायली बस्ती के लोगों की हिंसा में भारी वृद्धि हुई है। फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि सप्ताहांत में इजरायली सैनिकों ने कब्जे वाले वेस्ट बैंक में एक कार पर गोली चलाई। मंत्रालय का कहना था कि कार सैनिकों की ओर तेजी से बढ़ रही थी। इस गोलीबारी में सात महीने के फलस्तीनी बच्चे की मौत हो गई और उसके माता-पिता घायल हो गए।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article