Hormuz Tension Deepen: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ओमान ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर शनिवार को समुद्री यात्रियों, मछुयारों और जहाजों के लिए चेतावनी जारी की।
क्यों जारी हुई चेतावनी?
ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र (Maritime Security Centre) ने संदिग्ध बारूदी सुरंग को लेकर चेतावनी जारी की, जो होर्मुज में तैरती हुई दिखाई दी। समुद्री सुरक्षा केंद्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, ''ओमान के समुद्री क्षेत्र में इनशोर ट्रैफिक जोन के पश्चिम में एक संदिग्ध वस्तु देखी गई, जिसे फ्लोटिंग माइन माना जा रहा है।''
इस दौरान, अधिकारियों ने सभी जहाजों और समुद्री उपयोगकर्ताओं से अत्यधिक सतर्कता बरतने, संदिग्ध वस्तुओं से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और ऐसी किसी भी वस्तु की तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की। इस बीच, ईरानी सेना ने दावा किया कि उसने केश्म द्वीप के ऊपर एक इजरायली ऑर्बिटर ड्रोन को मार गिराया।
अमेरिकी सेना ने होर्मुज में रोका जहाज
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि अमेरिकी सेना ने नाकेबंदी का उल्लंघन करते हुए ईरानी बंदरगाह की ओर जाने की कोशिश कर रहे एक अन्य वाणिज्यिक जहाज को रोका।
अमेरिका-ईरान के बीच नहीं हुआ समझौता
अमेरिका और ईरान के बीच अभी तक स्थायी शांति को लेकर समझौता नहीं हो पाया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने आधिकारिक आवास एवं कार्यालय 'व्हाइट हाउस' में शुक्रवार को अपने सलाहकारों के साथ बैठक की लेकिन ईरान के साथ युद्धविराम की अवधि बढ़ाने और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने संबंधी प्रस्तावित समझौते पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं किया है।
इस बीच, ईरान ने भी कहा है कि यह समझौता अभी अंतिम रूप नहीं ले पाया है। बैठक से पहले ट्रंप ने कहा था कि वह इस मुद्दे पर 'अंतिम निर्णय' लेने वाले हैं। हालांकि, बाद में प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के साथ लगभग दो घंटे चली बैठक बिना किसी निर्णय के समाप्त हो गई।
