उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन ने शनिवार को चीन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों को आपस में जोड़ने वाले एक नए सीमा-पार पुल का उद्घाटन किया। उन्होंने चीन के साथ सहयोग बढ़ाने की उम्मीद जताई। दक्षिण कोरिया के एकीकरण मंत्रालय के मुताबिक, किम नए पुल को पार करने के बाद चीन के सीमावर्ती शहर डांडोंग पहुंचे।
किम जोंग उन का चीन दौरा
किम जोंग उन का यह एक साल में चीन का पहला दौरा है। उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हुई है, जब उत्तर कोरिया अपनी विदेश नीति को अधिक सक्रिय बनाने और चीन तथा रूस के साथ संबंध मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, किम प्योंगयांग को बीजिंग और मॉस्को के करीब लाने की कोशिश कर रहे हैं। इसका मकसद अमेरिका के खिलाफ एक साझा मोर्चा मजबूत करना है, जिसे किम ‘नए शीत युद्ध’ के रूप में पेश करते हैं। नए पुल का उद्घाटन उत्तर कोरिया और चीन के बीच संपर्क और सहयोग बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
