सियोल: उत्तर कोरिया ने कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल का रविवार को समुद्र में प्रक्षेपण किया। उत्तर कोरिया के पड़ोसी देशों ने यह जानकारी दी। उत्तर कोरिया ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास के जवाब में अपनी परीक्षण गतिविधियों को तेज कर दिया है। उत्तर कोरिया इन सैन्य अभ्यासों को उस पर हमले के अभ्यास के रूप में देखता है।
किम-जोंग-उन (फाइल फोटो)
दक्षिण कोरिया के 'ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ' ने एक बयान में बताया कि उत्तर कोरिया के पश्चिमोत्तर क्षेत्र से छोड़ी गई मिसाइल देश के पूर्वी तट के जलक्षेत्र में गिरी। उसने कहा कि दक्षिण कोरिया की सेना ने सतर्कता बढ़ा दी है और वह अमेरिका के साथ निकट समन्वय बनाए हुए हैं। इससे पहले, जापान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रविवार सुबह उत्तर कोरिया ने एक संदिग्ध मिसाइल दागी। इसने कहा कि संदिग्ध हथियार जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र के बाहर गिरा, लेकिन क्षेत्र में नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं मिली है।
