Narges Mohammadi Health Update: ईरान की जेल में बंद नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी को दिल का दौरा पड़ा है और उनकी हालत बेहद 'नाजुक' बताई जा रही है। नरगिस मोहम्मदी फाउंडेशन ने बुधवार को 'एक्स' पर जारी एक बयान में कहा कि नोबेल शांति पुरस्कार विजेता के परिवार और वकीलों ने पिछले महीने जेल में उनसे दो बार मुलाकात की थी।
घंटेभर से अधिक रहीं बेहोश
बयान में कहा गया है कि मोहम्मदी की स्वास्थ्य स्थिति बेहद खराब है, वह कमजोर हो गई हैं और उनका वजन कम हो गया है। यह रिपोर्ट मोहम्मदी को 24 मार्च को जेल में दिल का दौरा पड़ने के बाद आई है। समाचार एजेंसी भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, बयान में कहा गया है कि दिल का दौरा पड़ने के बाद मोहम्मदी एक घंटे से अधिक समय तक बेहोश रहीं और किसी ने भी उन्हें होश में लाने की कोशिश नहीं की।
कौन हैं नरगिस मोहम्मदी
दशकों से महिला अधिकारों की वकालत करने वालीं नरगिस मोहम्मदी एक लेखिका और मानवाधिकार रक्षक केंद्र (DHRC) की उप निदेशक भी हैं। पिछले 30 सालों से ईरानी महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठा रही हैं। मोहम्मदी एक मानवाधिकार कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने 2023 में जेल में रहते हुए नोबेल शांति पुरस्कार जीता था। नरगिस मोहम्मदी को 13 बार गिरफ्तार किया जा चुका है। आखिरी बार दिसंबर में ईरान के शहर मशहद की यात्रा के दौरान गिरफ्तार किया गया था और सात साल की अतिरिक्त जेल की सजा सुनाई गई थी। उन पर अक्सर राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप लगाए जाते रहे हैं।
नरगिस मोहम्मदी के पति ताघी रहमानी, एक राजनीतिक कार्यकर्ता हैं। वे अपने दो बच्चों के साथ पेरिस में निर्वासन में रहते हैं। नरगिस मोहम्मदी को दिल का दौरा उस समय पड़ा जब ईरान जंग में है और अमेरिका-इजरायल के हमलों का सामना कर रहा है।
