दुनिया

'हमें विपक्षी पक्ष पर भरोसा नहीं', इस्लामाबाद वार्ता के बाद ईरान ने तोड़ी चुप्पी; कहा- तेहरान चाहता है समाधान

Iran US Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में हुई वार्ता के बाद ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर कालिबाफ ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि बातचीत के बावजूद उन्हें दूसरे पक्ष पर भरोसा नहीं है।

Image

ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर कालिबाफ

Photo : AP

Iran US Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में हुई वार्ता के बाद ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर कालिबाफ (Mohammad Bagher Ghalibaf) ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि बातचीत के बावजूद उन्हें दूसरे पक्ष पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि तेहरान समाधान चाहता है, लेकिन पिछले अनुभवों के कारण भरोसे की कमी बनी हुई है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मोहम्मद बागेर कालिबाफ ने कहा कि वार्ता से पहले ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि हमारे पास सद्धावना और इच्छाशक्ति है, लेकिन पिछले दो युद्धों के अनुभवों की वजह से हमें विपक्षी पक्ष पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि इस दौर की बातचीत में भी दूसरा पक्ष ईरानी प्रतिनिधिमंडल का विश्वास जीतने में असफल रहा। कालिबाफ ने अमेरिका के साथ वार्ता के लिए पाकिस्तान का आभार जताते हुए वहां की सरकार और जनता को धन्यवाद दिया।

इस्लामाबाद में कितने घंटे चली वार्ता?

वहीं, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकाई (Esmaeil Baqaei) ने बताया कि पिछले एक साल में सबसे लंबी वार्ता की, जो करीब 24-25 घंटे तक चली। यह बातचीत पाकिस्तान की मध्यस्थता में अप्रत्यक्ष रूप से हुई, जिसमें दोनों पक्षों के बीच संदेशों का आदान-प्रदान होता रहा।

PAK में नहीं हो सका शांति समझौता

इस्लामाबाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हो पाने के बाद अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधिमंडल रविवार को पाकिस्तान से रवाना हो गए। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि वार्ता शांति समझौते तक पहुंचने में विफल रही।

ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी 'मेहर' ने भी 'एक्स' पर बताया कि कई दौर की बातचीत के बाद ईरानी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान से रवाना हो गया है। ईरान ने कहा कि अमेरिकी पक्ष की "अत्यधिक मांगों" के कारण इस्लामाबाद वार्ता विफल रही। हालांकि, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकाई ने इस बात पर जोर दिया कि "कूटनीति कभी समाप्त नहीं होती है।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article