US Iran Peace Deal: पश्चिम एशिया में जारी तनाव जल्द ही समाप्त हो सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने ईरान के समक्ष परमाणु कार्यक्रम, होर्मुज को खोलने, नौसैनिक नाकेबंदी हटाने से संबंधित शर्तें रखीं। ट्रंप ने आगे दावा किया कि अमेरिका ईरान और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर जमीन के भीतर दबी परमाणु सामग्रियों को नष्ट करने का काम करेगा।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, ''ईरान को यह स्वीकार करना होगा कि उनके पास कभी भी परमाणु हथियार या बम नहीं होगा। होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत खोला जाना चाहिए और वहां दोनों दिशाओं में बिना किसी रोक-टोक और शुल्क के आवाजाही होनी चाहिए।
बारूदी सुरंगों को हटाया जाए
ट्रंप ने दावा किया कि होर्मुज में अगर कोई समुद्री बारूदी सुरंगें हैं तो उन्हें तबाह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने अपने अंडरवाटर माइंसवीपर्स की मदद से कई माइंस को विस्फोट कर निष्क्रिय कर दिया है। ईरान को बची हुई सुरंगों को तत्काल हटाना और नष्ट करना होगा, जो कि बहुत कम होंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी की वजह से जो जहाज होर्मुज में फंसे थे, अब वे वापस अपने घरों की ओर रवाना हो सकते हैं। ट्रंप ने अपने अंदाज में कहा, ''अपनी पत्नियों, पतियों, माता-पिता और परिवारों को मेरी तरफ से हैलो कहना…।'' ट्रंप ने आगे संवर्धित पदार्थ, जिसे 'न्यूक्लियर डस्ट' कहा जाता है, उसका भी जिक्र किया।
उन्होंने दावा किया कि 11 महीने पहले अमेरिकी बी-2 बॉम्बर हमले के कारण वहां की पहाड़ियां लगभग ध्वस्त हो गई थीं और वही सामग्री अब उनके नीचे दबी हुई है। ट्रंप ने कहा कि इस परमाणु सामग्री को अमेरिका बाहर निकालेगा। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका और चीन ही ऐसे देश हैं जिनके पास इतनी बड़ी तकनीकी क्षमता मौजूद है।
नहीं होगा पैसों का लेन-देन
बकौल ट्रंप, इस प्रक्रिया में किसी भी तरह का आर्थिक लेन-देन नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इससे जुड़े कुछ अन्य कम महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी सहमति बन चुकी है।
