दुनिया

अमेरिका में कड़ाके की ठंड और बारिश का कहर, 9 लोगों की मौत, कई मौतें कारों में फंसने का कारण हुईं

केंटकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने बताया कि कई मौतें कारों के पानी में फंस जाने के कारण हुईं, जिनमें एक मां और उसका सात वर्षीय बच्चा भी शामिल है।

Image

अमेरिका में ठंड से मौतें

Photo : AP

Nine Dead in Cold Weather in US: अमेरिका में कड़ाके की सर्दी के कारण कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है। मारे गये लोगों में से आठ लोग केंटकी के रहने वाले थे और इनकी मौत भारी बारिश, के कारण नदियों के उफान पर होने और सड़कों पर पानी भर जाने के कारण हुई। केंटकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने रविवार को कहा कि बाढ़ में फंसे सैकड़ों लोगों को बाहर निकाला जाना है।

कई मौतें कारों के पानी में फंस जाने के कारण हुईं

बेशियर ने बताया कि कई मौतें कारों के पानी में फंस जाने के कारण हुईं, जिनमें एक मां और उसका सात वर्षीय बच्चा भी शामिल है। उन्होंने कहा, इसलिए दोस्तों, अभी सड़कों पर न निकलें और सुरक्षित रहें। यह खोज और बचाव का चरण है और मुझे उन सभी केंटकी के लोगों पर बहुत गर्व है, जो अपनी जान जोखिम में डालकर काम कर रहे हैं।

बेशियर ने कहा कि शनिवार को तूफान शुरू होने के बाद से पूरे राज्य में 1,000 लोगों को बचाया गया है। तूफानों से लगभग 39,000 घरों की बिजली कट गई, लेकिन बेशियर ने चेतावनी दी कि कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के कारण बिजली कटौती बढ़ सकती है। नेशनल वेदर सर्विस के वरिष्ठ पूर्वानुमानकर्ता बॉब ओरावेक ने कहा कि केंटकी और टेनेसी के कुछ हिस्सों में छह इंच तक बारिश हुई।

ओरावेक ने रविवार को कहा, इसका प्रभाव कुछ समय तक जारी रहेगा, बहुत सी नदियां उफन रही हैं और बहुत अधिक बाढ़ आ रही है। जब भी बाढ़ आती है, तो बाढ़ बारिश की तुलना में बहुत अधिक समय तक रहल सकती है।

बांध टूटने से आई बाढ़

शनिवार दोपहर को टेनेसी के रिवास के छोटे से समुदाय में एक बांध टूट गया, जिससे आस-पास के इलाकों में बाढ़ आ गई और पश्चिम टेनेसी में अग्निशमन अधिकारियों ने बचाव प्रयास तेज कर दिए। ओबियन काउंटी में बांध कैसे क्षतिग्रस्त हुआ और कितने लोग प्रभावित हुए, यह स्पष्ट नहीं है। इसके टूटने से कुछ घंटे पहले ही नेशनल वेदर सर्विस द्वारा अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की गई थी।

रिवास मेम्फिस से 177 किलोमीटर उत्तर में है और यहां 300 से भी कम लोग रहते हैं। अटलांटा में रविवार को सुबह एक घर पर एक बड़ा पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। अन्य जगहों पर कनाडा की सीमा के पास कम तापमान के साथ उत्तरी मैदानों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड है। डकोटा और मिनेसोटा में माइनस 40 डिग्री से माइनस 45.6 डिग्री सेल्सियस तक खतरनाक रूप से ठंडी हवा चलने की उम्मीद है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article