Nigeria Terror Attack: उत्तर-पूर्व नाइजीरिया में गुरुवार तड़के एक सैन्य अड्डे पर हमले में सेना के एक जनरल समेत कई जवानों की मौत हो गई। सेना के प्रवक्ता माइकल ओनोजा ने एक बयान में बताया कि यह हमला बोर्नो प्रांत के बेनिशेख क्षेत्र में हुआ, जिसे सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। उन्होंने हमलावरों को "आतंकवादी" करार दिया।
सुरक्षा बलों ने नाकाम किया हमला
सेना 'आतंकवादी' शब्द का उपयोग देश के उत्तर-पूर्वी हिस्से में सक्रिय इस्लामी उग्रवादी समूहों के सदस्यों को संदर्भित करने के लिए करती है। राष्ट्रपति बोला टीनुबू ने पुष्टि की कि हमले में एक जनरल शहीद हो गए। उन्होंने एक बयान में कहा, "आतंकवादियों का जवाबी हमला उनकी हताशा का संकेत है। मैं ब्रिगेडियर जनरल ओसेनी ओमोह ब्राइमाह के नेतृत्व में हमारे वीर सैनिकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने आज बोर्नो प्रांत में हमारे देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया। सरकार उनके बलिदानों को कभी नहीं भूलेगी।"
कागा क्षेत्र के स्थानीय प्रशासन प्रमुख जन्ना लावन अजिमी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर 29 टास्क फोर्स ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल ओ. ओ. ब्राइमा सहित अन्य जवानों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया। ओनोजा ने इस हालिया हमले में मारे गए सैनिकों की संख्या का खुलासा नहीं किया। उन्होंने कहा, "यह हमला उन आतंकवादी तत्वों की हताशा को दर्शाता है, जिन्हें हाल के अभियानों में भारी नुकसान उठाना पड़ा है और जो अब भी कड़ी सुरक्षा वाले सैन्य ठिकानों पर नाकाम हमले करने से बाज नहीं आ रहे हैं।"
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, सबसे ज्यादा आबादी वाला अफ्रीकी देश नाइजीरिया लंबे समय से गंभीर सुरक्षा संकट से जूझ रहा है। खासकर उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में पिछले एक दशक से विद्रोह और आतंकवादी गतिविधियां जारी हैं। यहां कई सशस्त्र समूह फिरौती के लिए अपहरण जैसी घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं।
