Pakistan on Iran-US Talk: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि ईरान-अमेरिका वार्ता का अगला दौर जल्द होने की उम्मीद है। शनिवार को अमेरिका और ईरान के बीच हुई 21 घंटे की वार्ता 1979 के बाद अपनी तरह की पहली वार्ता थी, जिसमें दोनों पक्षों के शीर्ष अधिकारियों ने भाग लिया था। हालांकि, सप्ताहांत में पाकिस्तान में हुई इस वार्ता में दोनों पक्ष कोई स्थायी शांति समझौता करने में विफल रहे। आसिफ ने सोमवार को संसद भवन के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा कि वार्ता के बाद इस बात का थोड़ा संतोष है कि अब तक कोई नकारात्मक घटनाक्रम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि केवल सकारात्मक प्रगति ही दिखी है जिससे संकेत मिलता है कि राजनयिक प्रयास रचनात्मक दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
इशाक डार ने की चीनी विदेश मंत्री से बात
इस बीच चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने सोमवार को अपने पाकिस्तानी समकक्ष इशाक डार के साथ एक बातचीत में कहा कि पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान संघर्ष को फिर से भड़कने से रोकने और युद्धविराम को बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के अनुसार, डार ने वांग से टेलीफोन पर बातचीत की और हाल ही में संपन्न हुई इस्लामाबाद वार्ता पर विचार-विमर्श किया। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार वांग ने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष को फिर से भड़कने से रोकने और युद्धविराम को बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। वांग चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य भी हैं। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा कि वांग ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में पाकिस्तान के प्रयासों पर डार को बधाई दी और पाकिस्तान की रचनात्मक कूटनीतिक भूमिका के लिए चीन के निरंतर समर्थन की पुष्टि की।
मेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की वार्ता हो सकती है: सूत्र
अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की वार्ता हो सकती है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। अमेरिका के दो अधिकारियों और इस घटनाक्रम से परिचित एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अगले सप्ताह युद्धविराम समाप्त होने से पहले दोनों पक्ष समझौते तक पहुंचने के लिए फिर से आमने-सामने वार्ता करने पर विचार कर रहे हैं ताकि छह सप्ताह से जारी युद्ध खत्म किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि वार्ता के नए दौर को लेकर चर्चा अब भी जारी है। मध्यस्थता कर रहे देशों में से एक देश के राजनयिक ने कहा कि ईरान और अमेरिका नए दौर की वार्ता करने पर सहमत हो गए हैं।
इन चारों अधिकारियों ने अपना नाम गोपनीय रखे जाने की शर्त पर यह जानकारी दी। राजनयिक और अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि वार्ता में शामिल होने वाले प्रतिनिधिमंडल में समान स्तर के नेता रहेंगे या नहीं। राजनयिक और अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि मेजबान स्थल के तौर पर पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पर एक बार फिर विचार किया जा रहा है। अमेरिकी अधिकारियों ने यह भी कहा कि इसके लिए जिनेवा भी एक संभावित स्थान है। उन्होंने कहा कि हालांकि स्थान और समय अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन वार्ता बृहस्पतिवार को हो सकती है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा था कि दूसरे पक्ष ने हमसे संपर्क किया है और वे समझौते पर काम करना चाहते हैं।
