Benjamin Netanyahu: इजराइल में नई सरकार बनाने की कोशिशों के बीच प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू बड़ा राजनीतिक दांव चलने की तैयारी में हैं। टाइम्स ऑफ इजरायल की शुक्रवार की रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू 'यशार' पार्टी के अध्यक्ष गादी आइजनकोट को रोटेशन वाली सरकार में प्रधानमंत्री पद देने को तैयार हैं और खुद दूसरे प्रधानमंत्री की भूमिका निभाएंगे। चैनल 13 के अनुसार, वे जल्द ही इस पावर-शेयरिंग व्यवस्था पर अपनी रजामंदी जता सकते हैं, हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय के भीतर इस पर एकराय नहीं है।
इजराइल में सरकार बनाने पर जारी है गतिरोध।
सरकार बनाने पर अभी भी चल रही रस्साकशी
सरकारी प्रसारक कान के मुताबिक, प्रस्ताव अनौपचारिक रास्तों से पहुंचाया जाएगा, ताकि लिकुड के पास इनकार की गुंजाइश बनी रहे। पार्टी के भीतर भी शर्तों को लेकर मतभेद हैं। आइजनकोट नेतन्याहू के प्रस्तावों पर संशय में हैं और अगले हफ्ते सरकार का शपथ ग्रहण कराने की तैयारी में जुटे हैं। उन्होंने सहयोगी दलों, यानी डेमोक्रेट्स के नेता यायर गोलान और यिसरायल बेइतेनु के प्रमुख अविगदोर लिबरमैन को भरोसा दिलाया है कि उनकी मंजूरी के बिना लिकुड के साथ एकता सरकार नहीं बनाएंगे। दोनों नेता यशार के साथ गठबंधन समझौते पर दस्तखत कर चुके हैं और नेतन्याहू के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होने से इनकार कर चुके हैं।
एकता सरकार के पक्षधर रहे हैं बेनेट
उधर, नफ्ताली बेनेट लिकुड के साथ एकता सरकार के पक्षधर रहे हैं। आइजनकोट के खेमे के वरिष्ठ नेताओं के हवाले से चैनल 13 ने बताया कि अगर नेतन्याहू से बातचीत खत्म होने से पहले सरकार बनी, तो बेनेट उसका विरोध कर सकते हैं। आइजनकोट के सामने समय की भारी कमी है। राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से मिला उनका 28 दिन का समय 6 दिसंबर को खत्म हो रहा है। 120 सदस्यीय नेसेट में यशार, डेमोक्रेट्स और यिसरायल बेइतेनु के पास कुल 36 सीटें हैं। बेनेट की पार्टी जुड़ने पर भी आंकड़ा 48 तक ही पहुंचता है, जबकि बहुमत के लिए 61 सीटें चाहिए। इसलिए सरकार बनाने के लिए लिकुड, अति-रूढ़िवादी दलों या अरब-बहुल पार्टियों में से किसी का समर्थन जरूरी होगा।
निवेश, विकास कार्यक्रम की मांग कर रही अरब-बहुल पार्टी
इसी बीच चैनल 12 के हवाले से खबर है कि अरब-बहुल पार्टी राम ने आइजनकोट सरकार के चार साल के प्रस्तावित कार्यकाल में सुरक्षा फैसलों पर समर्थन की पेशकश की है। बदले में वह मंत्री पद और अरब समुदायों में भारी निवेश चाहती है। पार्टी नेता मंसूर अब्बास ने वेस्ट बैंक जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी 'पूर्ण गठबंधन अनुशासन' का भरोसा दिया है। राम अब्बास और अपने दूसरे बड़े नेता योआव सेगालोविट्ज के लिए कैबिनेट पद, अरब समाज में अपराध से निपटने की योजना और अरब कस्बों के लिए पांच साल के विकास कार्यक्रम की मांग कर रही है, जिस पर अरबों शेकेल खर्च होंगे। पार्टी शुरुआती सरकार में शामिल नहीं होगी, पर आइजनकोट बाद में गठबंधन का विस्तार करना चाहते हैं।
