दुनिया

नेपाल के बीरगंज में हनुमान जयंती समारोह के दौरान झड़प, जमकर हुआ पथराव, लगा कर्फ्यू

Nepal News: नेपाल के बीरगंज के मध्य भाग में शनिवार शाम साढ़े छह बजे से रविवार दोपहर तक कर्फ्यू लगा दिया गया है। पुलिस ने कहा कि शोभा यात्रा के दौरान हुए विवाद में कुछ पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग घायल हो गए हैं।

Image

नेपाल में हनुमान जयंती की शोभयात्रा के दौरान हिंसा (वायरल वीडियो स्क्रीनशॉट)

Photo : Twitter

Nepal News: नेपाल में परसा जिले की बीरगंज नगर पालिका में हनुमान जयंती के अवसर पर आयोजित शोभा यात्रा के दौरान हिंसक झड़पें होने के बाद शनिवार को कर्फ्यू लागू कर दिया गया। धार्मिक कार्यक्रम के लिए एकत्र भीड़ पर कथित तौर पर पथराव किया गया जिससे समूहों के बीच टकराव शुरू हो गया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी और स्थानीय निवासी घायल हो गए।

लग गया कर्फ्यू

जिला प्रशासन कार्यालय ने भारत के सीमावर्ती शहर रक्सौल (बिहार) के पास स्थित बीरगंज के मध्य भाग में शनिवार शाम साढ़े छह बजे से रविवार दोपहर तक कर्फ्यू लगा दिया है। जिला प्रशासन कार्यालय ने एक नोटिस जारी कर कहा, ‘‘हनुमान जयंती समारोह के दौरान तनाव बढ़ने के कारण ‘बीरगंज मेट्रोपॉलिटन सिटी’ के वार्ड संख्या 14, 15, 16 और 25 में शनिवार शाम साढ़े छह बजे से रविवार दोपहर 12 बजे तक कर्फ्यू लगाए जाने का आदेश जारी किया गया है।’’

कई लोग घायल

पुलिस ने कहा कि घंटाघर इलाके से शुरू होकर महानगर के अन्य प्रमुख हिस्सों की ओर जा रही शोभा यात्रा के दौरान हुए विवाद में कुछ पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने व्यवस्था बहाल करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। तनाव बढ़ने के बाद बीरगंज में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कर्फ्यू लागू करने के आदेश के तहत मध्य बीरगंज में लोगों की आवाजाही, रैलियों, बैठकों, विरोध प्रदर्शनों और सभाओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article