Nepal Election 2026: नेपाल में पिछले साल हुये ’जेन जेड’ प्रदर्शन के बाद बृहस्पतिवार को यहां आम चुनाव कराया जायेगा, जिसमें देश के 1.89 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। पिछले साल हिंसक ’जेन जेड’ प्रदर्शन के बाद नेपाल में प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली की सरकार गिर गयी थी। अधिकारी ने बताया कि जेन जेड प्रदर्शन के बाद पहली बार हो रहे आम चुनाव में देश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र मतदाता 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा के चुनाव के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
नेपाल चुनाव 2026
6500 से अधिक उम्मीदवार मैदान में
अधिकारी ने बताया कि प्रतिनिधि सभा के लिये 6500 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे शुरू होगा और शाम पांच बजे समाप्त होगा। मतपेटियों को एकत्रित करने के तुरंत बाद मतगणना शुरू हो जाएगी। चुनाव की पूर्व संध्या पर यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कार्यवाहक निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने कहा कि चुनाव की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय और उत्साहपूर्वक भाग लेने का आग्रह किया।
300,000 से अधिक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती
उन्होंने कहा कि नेपाल सेना के समन्वय से एक एकीकृत सुरक्षा योजना के तहत 300,000 से अधिक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भंडारी ने विश्वास व्यक्त किया कि मतदाता बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी पक्षों से सहयोग भी मांगा। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में मतपेटियों को जिला मुख्यालयों तक पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया जाएगा।
नेपाली चुनाव में इस बार बड़े चेहरे
नेपाल में पीएम के लिए मुख्य दावेदारों में बालेंद्र शाह, केपी शर्मा ओली, गगन थापा और पुष्प कमल दहल शामिल हैं। रैपर से नेता बने काठमांडू के पूर्व मेयर 35 साल के बालेंद्र शाह मध्यमार्गी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता हैं। चार बार के प्रधानमंत्री केपी ओली कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूनिफाइड मार्क्सिस्ट-लेनिनिस्ट) से हैं। उन्हें बीते साल प्रदर्शन के बाद पीएम पद छोड़ना पड़ा था।
