Nepal Flash Flood: नेपाल में आई बाढ़ ने अब तक 600 से ज्यादा लोगों को मौत की नींद सुला दी है। हजारों लोग लापता है। वहीं, अनगिनत लोग बेघर हैं। अचानक आई बाढ़ ने लोगों को अपने घरों से बाहर तक भागने का मौका नहीं दिया। सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें लोगों को उनके घरों से रेस्क्यू किया जा रहा है। ऐसा ही एक मार्मिक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
Nepal Flash Flood: टी-शर्ट लहराकर मांगी मदद, हेलिकॉप्टर की स्किड पकड़कर बचा मासूम; देखें खतरनाक VIDEO। @MarioNawfal X handle
बाढ़ के तेज बहाव से घिरे एक मकान की छत पर फंसा बच्चा अपनी टी-शर्ट लहराकर मदद की गुहार लगाता नजर आया। कुछ ही देर बाद नेपाल सेना का हेलिकॉप्टर वहां पहुंचा और जवान की मदद से बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
टी-शर्ट उतारकर हवा में लहराने लगता बच्चा
वीडियो में बच्चा बाढ़ से घिरे मकान की छत पर खड़ा दिखाई देता है। चारों तरफ पानी का तेज बहाव है और उसके पास बाहर निकलने का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा। तभी उसे आसमान में एक हेलिकॉप्टर दिखाई देता है। बच्चा तुरंत अपनी टी-शर्ट उतारकर उसे हवा में लहराने लगता है, ताकि रेस्क्यू टीम का ध्यान उसकी तरफ जाए।
हेलिकॉप्टर करीब आया तो बढ़ गया खतरा
बच्चे के संकेत को देखकर नेपाल सेना का हेलिकॉप्टर मकान के करीब पहुंचता है और छत के ऊपर मंडराने लगता है। जैसे-जैसे हेलिकॉप्टर नीचे आता है, बच्चा उसकी ओर बढ़ता है। इसके बाद वह हेलिकॉप्टर की लैंडिंग स्किड पकड़ लेता है। विमान में मौजूद एक सेना का जवान उसकी ओर हाथ बढ़ाता है। बच्चा जवान का हाथ पकड़कर खुद को ऊपर खींचता है और आखिरकार हेलिकॉप्टर में चढ़ने में कामयाब हो जाता है।
गौरतलब है कि यह पूरा रेस्क्यू बेहद जोखिम भरा था। नीचे बाढ़ का पानी तेज रफ्तार से बह रहा था और जरा सी चूक बच्चे की जान ले सकती थी। जैसे ही जवान बच्चे को सुरक्षित हेलिकॉप्टर के अंदर खींच लेता है, वहां मौजूद लोगों के बीच राहत की लहर दौड़ जाती है। वीडियो में लोगों को खुशी से चीखते और तालियां बजाते सुना जा सकता है।
नेपाल सेना की हो रही तारीफ
इस रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग नेपाल सेना के हेलिकॉप्टर क्रू और जवान की बहादुरी की तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इस ऑपरेशन को बेहद जोखिम भरा बताते हुए पायलट और रेस्क्यू टीम के कौशल की सराहना की है।
