दुनिया

'कालापानी-लिपुलेख हमारी जमीन', दिल्ली दौरे पर आए नेपाल के विदेश मंत्री ने फिर दोहराया अपना दावा

Nepalese Foreign Minister Shisir Khanal Delhi visit: भारत के तीन दिवसीय दौरे पर आए नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने नई दिल्ली में कहा कि नेपाल, भारत के साथ अपने सीमा विवाद को उग्र-राष्ट्रवाद की बयानबाजी के बजाय खुले दिल से कूटनीतिक बातचीत के जरिए सुलझाना चाहता है।

Image

कालापानी-लिपुलेख पर नेपाल के विदेश मंत्री ने फिर दोहराया दावा

Photo : ANI

Nepalese Foreign Minister Shisir Khanal Delhi Visit: भारत के तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर आए नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने रविवार को नई दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नेपाल, भारत के साथ अपने सीमा मुद्दों को कूटनीतिक बातचीत के जरिए हल करना चाहता है। खनाल ने जोर देकर कहा कि यदि दोनों देश खुले दिल से चर्चा की मेज पर बैठें, तो कोई भी चुनौती ऐसी नहीं है जिसे पार न किया जा सके।

नेपाल के शीर्ष राजनयिक ने साफ किया कि काठमांडू की नवनिर्वाचित सरकार भारत को 21वीं सदी की भू-राजनीति के किसी अति-संवेदनशील या संकीर्ण नजरिए से नहीं देखती। इसके बजाय, उनका उद्देश्य एक ऐसी साझेदारी को बढ़ावा देना है जो दोनों देशों (India Nepal diplomatic Relations 2026) की तरक्की और समृद्धि के लिए फायदेमंद हो।

नेपाल के विदेश मंत्री शिसिर खनाल पत्रकार के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, "कैलाश मानसरोवर यात्रा कई अलग-अलग सीमा बिंदुओं से होकर गुजरती है। कई लोग नेपाल से होकर यात्रा करते हैं। हमारी चिंता भारत और चीन के बीच कालापानी और लिपुलेख क्षेत्र को लेकर हुए समझौते के नवीनीकरण को लेकर है, जहां हम बहुत लंबे समय से कहते आ रहे हैं कि यह भूमि हमारी है और नेपाल की सहमति के बिना दोनों देश स्वयं ऐसे समझौते नहीं कर सकते। और हमने दोनों देशों को भेजे गए राजनयिक पत्रों सहित अपने संचार के माध्यम से यह बात स्पष्ट रूप से कह दी है।"

जयशंकर से मुलाकात के बाद मीडिया से की बात

नेपाल के विदेश मंत्री शुक्रवार को भारत पहुंचे थे। शनिवार को उन्होंने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ कई अहम मुद्दों पर बेहद सकारात्मक द्विपक्षीय बातचीत की। इसके अगले दिन रविवार को उन्होंने मीडिया को संबोधित किया।

उनका यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब हाल ही में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह द्वारा सीमा विवाद को लेकर दिए गए बयानों के कारण दोनों देशों के बीच थोड़ी राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई थी। इस माहौल के बीच शिशिर खनाल का यह दौरा और बयान दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती देने वाला माना जा रहा है।

शांतिपूर्ण और डेटा-आधारित दृष्टिकोण-खनाल

खनाल ने कहा, "हम भारत की तरफ खुले दिल, साफ नजर और एक बेहद पारदर्शी एजेंडे के साथ देख रहे हैं, और वह एजेंडा है- नेपाल का आर्थिक बदलाव। किसी भी मुद्दे पर उग्र-राष्ट्रवाद की बयानबाजी करने के बजाय, हम शांतिपूर्ण और डेटा-आधारित दृष्टिकोण अपना रहे हैं।"

उभरते भारत की तारीफ

नेपाल के विदेश मंत्री ने भारत की वैश्विक प्रगति और आर्थिक विकास की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज का भारत दुनिया के मंच पर एक हाई-टेक और आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभरा है। नेपाल भारत की इस विकास यात्रा और अत्याधुनिक तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना चाहता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक उभरता हुआ भारत और आकांक्षाओं से भरा नेपाल मिलकर दोनों देशों के भविष्य को और बेहतर बनाएंगे।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article