Chandrayaan 3 Mission: चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद इसरो को बधाइयों का सिलसिला जारी है। इसरो की इस कामयाबी पर अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने भी उसे बधाई दी है। नासा ने कहा कि उसे इस मिशन में इसरो का साझीदार बनकर बेहद खुशी है।
नासा के प्रशासक बिल नेल्सन ने ट्वीट करते हुए कहा- @isro आपकी सफल चंद्रयान-3 चंद्र दक्षिणी ध्रुव लैंडिंग पर और चंद्रमा पर अंतरिक्ष यान की सफलतापूर्वक सॉफ्ट-लैंडिंग करने वाला चौथा देश बनने पर भारत को बधाई। हमें इस मिशन में आपका भागीदार बनकर खुशी हो रही है!
बता दें कि DSN (Deep Space Network) के जरिए NASA ने अंतरिक्ष में रडार सुविधा और ट्रैकिंग कवरेज मुहैया कराई है। दरअसल NASA का डीप स्पेस नेटवर्क दुनिया के अलग-अलग कोनों में विशाल रेडियो एंटीने की एक सीरीज है। DSN के जरिए NASA अंतरिक्ष में रडार सुविधा और ट्रैकिंग कवरेज मुहैया करा रहा है। चंद्रयान-3 के लॉन्च के बाद से ही ESA सैटेलाइट को उसकी कक्षा में ट्रैक करने, अंतरिक्ष यान से टेलीमेट्री संदेश प्राप्त करने में मददगार रहा है।
वहीं ESA ((European Space Agency) के पास Estrack नाम का अपना अंतरराष्ट्रीय सैटेलाइट ट्रैकिंग नेटवर्क है। अंतरिक्ष में सैटेलाइट को उनकी कक्षा में ट्रैक करने और जमीन से उनका संपर्क बनाए रखने में Estrack के ग्राउंड स्टेशनों से मदद मिलती है।
