Argentina Earthquake: अर्जेटीना और चिली में शुक्रवार को जोरदार भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर तीव्रता 7.4 मापी गई। भूकंप के झटके लगने की वजह से लोग दहशत में आ गए। संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने बताया किचिली और अर्जेंटीना के दक्षिणी तटों पर शुक्रवार को 7.4 तीव्रता का भूकंप आया। चिली के अधिकारियों ने देश के सुदूर दक्षिण में मैगलन जलडमरूमध्य (Strait of Magellan) के पूरे तटीय हिस्से के लिए निकासी अलर्ट जारी किया।
सुनामी का अलर्ट जारी
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रायटर की रिपोर्ट के मुताबिक, चिली की नेशनल डिजास्टर प्रिवेंशन और रिस्पांस सर्विस ने मैगलन के तटील क्षेत्र को सुनामी के जोखिम के चलते खाली कराने की अपील की है। चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''हम मैगलन के पूरे तट को खाली करने की अपील करते हैं।''
राष्ट्रपति बोरिक ने कहा कि किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए सभी राज्य संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। बता दें कि मैगलन क्षेत्र के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जिसमें शांति के साथ क्षेत्र को खाली करते हुए लोग देखे जा सकते हैं।
