दुनिया

कराची में इतिहास की सबसे बड़ी डकैती, लुटेरे 30 करोड़ पाकिस्तानी रुपये के जेवरात लेकर फरार

पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची के इतिहास की सबसे बड़ी डकैतियों में से एक में अज्ञात लुटेरे लगभग 30 करोड़ पाकिस्तानी रुपये मूल्य के सोने और हीरे के जेवरात लेकर फरार हो गए। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

Image

Representational Image

Photo : PTI

कराची में इतिहास की सबसे बड़ी डकैतियों में से एक ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है। अज्ञात लुटेरे लगभग 30 करोड़ पाकिस्तानी रुपये मूल्य के सोने और हीरे के जेवरात लेकर फरार हो गए। यह वारदात कराची के मलिर इलाके के पाकिस्तान कॉलोनी क्षेत्र में स्थित इकबाल ज्वेलरी नामक दुकान में हुई।

लुटेरों ने उठाया साप्ताहिक अवकाश का फायदा

पुलिस के अनुसार, लुटेरों ने साप्ताहिक अवकाश का फायदा उठाया। बाजार में शुक्रवार और शनिवार को दुकानें बंद रहती हैं, जबकि रविवार को दोबारा खुलती हैं। दुकान के मालिक अयूब खान ने बताया कि उन्होंने 12 फरवरी को रोज की तरह दुकान बंद की थी। जब दो दिन बाद दुकान खोली गई तो कर्मचारियों ने पाया कि तिजोरी और बक्से खाली पड़े हैं। सोने के गहने, सोने की ईंटें और हीरे पूरी तरह गायब थे।

दीवार में छेद करके भीतर दाखिल हुए थे लुटेरे

जांच में सामने आया है कि लुटेरे तिजोरी की पिछली दीवार में छेद करके भीतर दाखिल हुए। पुलिस का मानना है कि अपराधियों को बाजार की बनावट और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। प्रारंभिक शिकायत के अनुसार करीब 700 तोला शुद्ध सोने की ईंटें चोरी हुई हैं। कुल नुकसान का अनुमान लगभग 30 करोड़ पाकिस्तानी रुपये लगाया गया है।

दर्ज किया गया मामला, की जा रही जांच

क्षेत्र के एसएचओ इकबाल दीवान ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। बाजार के सुरक्षा गार्ड को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर लुटेरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

इस सनसनीखेज डकैती ने कराची में सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारी समुदाय में भय का माहौल है और वे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!