दुनिया

इजरायली हमलों से भड़का ईरान; UAE सहित इन 8 देशों पर मिसाइलों की लगाई बौछार; अमेरिकी ठिकानों से उठ रहा धुआं

Israel Iran War: इजरायल और ईरान के बीच ताजा टकराव 28 फरवरी को शुरू हुआ जब अमेरिका और इजराइल ने मिलकर ईरान पर हमला किया, जिसमें पहला स्पष्ट हमला सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालयों के पास हुआ।

Image

इजरायली हमलों से भड़का ईरान

Photo : AP

Israel Iran War: अमेरिकी-इजरायली हमले के खिलाफ ईरान ने जंग छेड़ दी है। तेहरान ने शनिवार को साफ किया कि देश इन हमलों का जवाब देने में कोई संकोच नहीं करेगा। ईरान के विदेश मंत्रालय ने 'एक्स' पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा, ''मातृभूमि की रक्षा करने और दुश्मन के सैन्य हमले का सामना करने का समय आ गया है।''

ईरान ने अमेरिकी-इजरायली हमलों को करारा जवाब देते हुए 7 देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों और इजरायल पर जमकर मिसाइल दागे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ईरान ने सऊदी अरब, जॉर्डन, बहरीन, कुवैत, कतर, यूएई में स्थित अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया। कतर, बहरीन, दुबई समेत अन्य जगहों पर धमाकों की आवाजें गूंज रही हैं। हालांकि, इजरायल भी पीछे हटने को तैयार नहीं है। दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ बढ़त हासिल करने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

बहरीन में उठ रहा धुएं का गुबार

बहरीन ने शनिवार को कहा कि देश में स्थित अमेरिकी नौसेना के 5वें बेड़े के मुख्यालय को मिसाइल से निशाना बनाया गया है। बहरीन ने हालांकि हमले के बारे में तत्काल कोई अन्य जानकारी नहीं दी।

क्या है पूरा मामला

इजरायल और ईरान के बीच ताजा टकराव 28 फरवरी को शुरू हुआ जब अमेरिका और इजराइल ने मिलकर ईरान पर हमला किया, जिसमें पहला स्पष्ट हमला सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालयों के पास हुआ। ईरानी मीडिया ने देशभर में हुए हमलों की खबर दी है। टेलीविजन चैनल द्वारा प्रसारित वीडियो में राजधानी तेहरान से धुआं उठता हुआ देखा गया।

Israel Iran Tension

अमेरिकी-इजरायली हमलों के खिलाफ ईरान ने छेड़ा युद्ध

दक्षिण ईरान में गर्ल्स स्कूल पर हमला

ईरान ने शनिवार को कहा कि इजरायल-अमेरिका के हवाई हमलों में देश के दक्षिणी क्षेत्र स्थित एक गर्ल्स स्कूल तबाह हो गया। इस हमले में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई और 45 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। ईरान के होर्मोज़गान प्रांत के मीनाब शहर में यह स्कूल मौजूद है। शहर में ईरान के अर्धसैनिक बल 'रिवोल्यूशनरी' गार्ड का एक अड्डा है।

UAE ने ईरानी मिसाइलें नष्ट करने का किया दावा

यूएई ने घोषणा की कि उसने देश को निशाना बनाने वाली कई ईरानी मिसाइलों को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया है। शनिवार दोपहर को यूएई के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी किया। इसमें कहा गया कि देश पर ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों से "हमला" किया गया, जिसे यूएई एयर डिफेंस ने "अपनी पूरी क्षमता" के साथ संभाला। देश के हालात बेहतर हैं। इसमें बताया गया कि अबू धाबी शहर के एक रिहायशी इलाके में मलबा गिरने से थोड़ा नुकसान हुआ और एक एशियाई नागरिक की मौत हो गई।

बयान में कहा गया, "रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की कि शनिवार को संयुक्त अरब अमीरात पर ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों से एक हमला हुआ, जिसे यूएई एयर डिफेंस ने अच्छे से संभाला और कई मिसाइलों को सफलतापूर्वक रोक दिया। अबू धाबी शहर के एक रिहायशी इलाके में गिरे मलबे को भी अच्छे से निपटाया गया, हालांकि गिरते मलबे की जद में आने से एक एशियाई नागरिक की मौत हो गई।"

ट्रंप ने ईरान में की मुख्य युद्ध कार्रवाई की घोषणा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को ईरान में 'मुख्य युद्ध कार्रवाई' शुरू होने की घोषणा की। उन्होंने ईरानी सुरक्षा बलों से कहा, ''अपने हथियार डालो और पूरी सुरक्षा पाओ, या मृत्यु का सामना करो।'' उन्होंने ईरानी जनता से भी कहा, ''आपकी स्वतंत्रता का समय अब आ गया है।'' ट्रंप ने नागरिकों को घर के अंदर रहने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा, ''सुरक्षित रहें। घर से बाहर मत निकलें। बाहर बहुत खतरा है। हर जगह बम गिर सकते हैं।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article