दुनिया

भारत ने बढ़ाया शेख हसीना का वीजा, क्या बांग्लादेश से और बढ़ेगा तनाव?

बांग्लादेश पहले ही हसीना के प्रत्यर्पण की भी मांग कर चुका है। अब भारत ने हसीना का वीजा बढ़ाकर साफ कर दिया है कि वह बांग्लादेश के दबाव में नहीं झुकेगा।

Image

भारत ने बढ़ाया शेख हसीना का वीजा

Photo : PTI

MHA Extends Visa of Sheikh Hasina: भारत ने बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना का वीजा बढ़ा दिया है। ये फैसला ऐसे समय पर आया है जब कल ही बांग्लादेश ने शेख हसीना का पासपोर्ट रद्द किया है। बांग्लादेश पहले ही हसीना के प्रत्यर्पण की भी मांग कर चुका है। अब भारत ने हसीना का वीजा बढ़ाकर साफ कर दिया है कि वह बांग्लादेश के दबाव में नहीं झुकेगा। वहीं सवाल उठ रहा है कि क्या भारत के कदम से बांग्लादेश के साथ तनाव और बढ़ेगा।

हसीना का पासपोर्ट रद्द

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने मंगलवार को कहा कि उसने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना और 96 अन्य लोगों का पासपोर्ट रद्द कर दिया है। यह कार्रवाई लोगों को जबरन गायब किये जाने और पिछले साल जुलाई में हुई हत्याओं में उनकी कथित संलिप्तता के कारण की गई है। शेख हसीना पिछले साल पांच अगस्त को छात्रों के नेतृत्व में हुए बड़े पैमाने पर आंदोलन के बाद बांग्लोदश से भागकर नयी दिल्ली चली गई थीं, जिससे उनकी अवामी लीग की 16 साल लंबी सरकार गिर गई थी।

बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (आईसीटी) ने हसीना और कई पूर्व कैबिनेट मंत्रियों, सलाहकारों तथा सैन्य एवं असैन्य अधिकारियों के खिलाफ मानवता के खिलाफ अपराध एवं नरसंहार के लिए गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।

एक पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए मुख्य सलाहकार के उप प्रेस सचिव अबुल कलाम आज़ाद मजूमदार ने कहा, पासपोर्ट विभाग ने जबरन गायब किये गये 22 लोगों के मामले में शामिल लोगों के पासपोर्ट रद्द किए हैं जबकि जुलाई में हुई हत्याओं में शामिल होने के कारण शेख हसीना सहित 75 लोगों के पासपोर्ट रद्द किये गए।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article