दुनिया

इंडोनेशिया में हाहाकार: राजधानी जकार्ता के बाजार और रिहायशी इलाके में भीषण आग; सैकड़ों घर जलकर खाक, बेघर हुए लोग

Hundreds Homeless in Indonesia: आग जकार्ता के एक स्थानीय बाजार से शुरू हुई और पास के घने रिहायशी इलाके में फैल गई। इलाका बेहद संकरा और घनी आबादी वाला होने के कारण आग को फैलने में वक्त नहीं लगा।

Image

इंडोनेशिया में हाहाकार: राजधानी जकार्ता के बाजार और रिहायशी इलाके में भीषण आग; सैकड़ों घर जलकर खाक, बेघर हुए लोग

Jakarta Massive Fire: इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के मध्य क्षेत्र (Central Jakarta) में स्थित एक घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके और बाजार में भीषण आग लगने से भारी तबाही हुई है। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने देखते ही देखते सैकड़ों मकानों और दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सैकड़ों लोग बेघर हो गए हैं। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरे शहर के आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।

बाजार से भड़की आग, घनी आबादी के कारण मिनटों में मची तबाही

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग जकार्ता के एक स्थानीय बाजार से शुरू हुई और पास के घने रिहायशी इलाके में फैल गई। इलाका बेहद संकरा और घनी आबादी वाला होने के कारण आग को फैलने में वक्त नहीं लगा। घटनास्थल से सामने आए दृश्यों और वीडियो में तबाही का खौफनाक मंजर साफ नजर आ रहा है।

जब आग भड़की, तो चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। स्थानीय निवासी अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर अपने बच्चों और बुजुर्गों के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखाई दिए। लोग अपने घरों से कीमती सामान निकालने तक का मौका नहीं पा सके और उनकी जिंदगी भर की कमाई चंद मिनटों में मलबे में तब्दील हो गई।

दमकल विभाग का बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और सैकड़ों अग्निशामक कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। आग को आसपास के अन्य रिहायशी इलाकों में फैलने से रोकने और उस पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग ने बड़े पैमाने पर रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि, संकरी गलियां होने के कारण शुरुआत में दमकल की गाड़ियों को अंदर पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सैकड़ों लोग बेघर, राहत शिविरों में ली शरण

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस अग्निकांड के चलते भारी संख्या में लोग विस्थापित हुए हैं। प्रभावित लोगों के लिए स्थानीय प्रशासन और सामाजिक संगठनों द्वारा अस्थाई राहत शिविर और शेल्टर होम बनाए जा रहे हैं, जहां उन्हें भोजन और मेडिकल सहायता दी जा रही है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, पुलिस और जांच एजेंसियां शॉर्ट सर्किट समेत अन्य पहलुओं से मामले की तफ्तीश कर रही हैं।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article