Anti Terror Operation: आतंकियों की पैरवी करने वाला बदहाल पाकिस्तान आतंकवादी गतिविधियों से परेशान है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत से आए दिन हिंसा की खबरें सामने आती रहती हैं। इस बीच, सुरक्षाबलों ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में 12 आतंकवादियों को मार गिराया है।
कब चलाया गया अभियान?
एक बयान में कहा गया है कि सुरक्षाबलों ने पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियान में 12 आतंकवादियों को मार गिराया है। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा के अनुसार, उत्तरी वजीरिस्तान के हसन खेल इलाके में 5-6 फरवरी की रात को चलाए गए अभियान में एक सुरक्षाकर्मी भी मारा गया।
गोला-बारूद बरामद
आईएसपीआर ने बताया कि मारे गए आतंकवादियों के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया, जो सुरक्षाबलों के साथ-साथ नागरिकों के खिलाफ कई आतंकवादी गतिविधियों में शामिल थे। बयान में यह भी कहा गया है कि इलाके में बचे हुए किसी भी आतंकवादी की मौजूदगी को खत्म करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
