Afghan Refugee Truck Accident: पूर्वी अफगानिस्तान में शनिवार को पड़ोसी देश पाकिस्तान से लौट रहे अफगान शरणार्थियों से भरा एक ट्रक राजमार्ग पर पलट गया। इस हादसे में कम से कम 18 लोगों की जान चली गई और 35 अन्य घायल हो गए। हताहतों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं।
कहां हुआ हादसा?
यह हादसा लगमान प्रांत में काबुल और नंगरहार प्रांत को जोड़ने वाले मुख्य राजमार्ग पर हुआ। लगमान प्रांत के गवर्नर के प्रवक्ता अब्दुल मलिक नियाज़ई के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब शरणार्थियों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में जान गंवाने वालों में 10 बच्चे और 5 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, घायलों को तत्काल उपचार के लिए नंगरहार के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
अफगानिस्तान में सड़क दुर्घटनाएं आम बात हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, खराब सड़कें, यातायात नियमों की अनदेखी और वाहनों की खराब स्थिति ऐसे हादसों के प्रमुख कारण हैं। ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में सड़क सुरक्षा की स्थिति और भी चिंताजनक बनी हुई है।
PAK से वापस लौट रहे अफगानी
हादसे का शिकार हुए यात्री उन हजारों अफगानों में शामिल थे, जो हाल के महीनों में पाकिस्तान से वापस अपने देश लौटे हैं। पाकिस्तान ने वर्ष 2023 में अवैध प्रवासियों के खिलाफ अभियान शुरू किया था, जिसके बाद बड़ी संख्या में अफगान नागरिकों को निर्वासित किया गया या उन पर देश छोड़ने का दबाव बनाया गया। इसी अवधि में ईरान ने भी अफगान प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी थी।
इन दोनों देशों से अब तक लाखों अफगान अपने वतन लौट चुके हैं। इनमें कई ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिनका जन्म पाकिस्तान में हुआ था और जिन्होंने दशकों तक वहीं रहकर कामकाज किया था।
