US Presidential Election 2024: अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव दिलचस्प मोड़ पर आ गया है। पहले दौर की प्रेसिडेंशियल डिबेट में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पिछड़ने और लोकप्रियता में आई गिरावट के बाद जो बाइडेन पर राष्ट्रपति पद की रेस से हटने का दबाव बढ़ता जा रहा है। खास बात यह है कि बाइडेन को चुनाव से पीछे हटने के बारे में अब डेमोक्रेट्स भी खुलकर बोलने लगे हैं। बता दें कि अटलांटा में गत 27 जून को ट्रंप के साथ हुई बहस में बाइडेन का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। इससे 81 वर्षीय बाइडन की लोकप्रियता की ‘रेटिंग’ गिर गई। इसके बाद बाइडेन की सेहत और उनकी क्षमता को लेकर सवाल उठने लगे। इस खराब प्रदर्शन के बाद बाइडेन ने माना की डिबेट के दौरान उनकी सेहत ठीक नहीं थी, वह लंबी यात्रा के बाद थके हुए थे और वह नींद की आगोश में आ गए।
'व्हाइट हाउस में वापसी करना मुश्किल हो जाएगा'
हालांकि, बाइडेन ने राष्ट्रपति पद की रेस से खुद के बाहर होने की रिपोर्टों एवं अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने कुछ दिनों पहले कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए वह सबसे योग्य उम्मीदवार हैं। ईश्वर आकर उनसे यदि उम्मीदवारी से पीछे हटने के लिए कहते हैं तभी वह रेस से पीछे हटेंगे। बाइडेन के रुख, उनकी सेहत और रेटिंग में गिरावट को देखते हुए डेमोक्रेट्स को लगता है कि यदि वह रेस से पीछे नहीं हटे तो चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा सकता है और व्हाइट हाउस में वापसी मुश्किल हो जाएगी। डेमोक्रेट्स नेताओं के बाद हाउस कमेटियों के डेमोक्रेट नेता भी चाहते हैं कि आगामी राष्ट्रपति चुनाव में पार्टी से कोई नया चेहरा सामने आया।

joe biden
अभी रास्ता बदल लेना ठीक होगा-स्कॉट पीटर्स
रिपोर्टों के मुताबिक चुनाव में बाइडेन की जगह डेमोक्रेट पार्टी से किसी और का नाम आगे किए जाने की मांग जोर पकड़ चुकी है। न्यूयॉर्क से डेमोक्रेट नेता जेराल्ड नैडलर और जो मोरिली, वाशिंगटन के एडम स्मिथ, कैलिफोर्निया के मार्क टकानो का कहना है कि बाइडेन को अब राषट्रपति पद की दौड़ से बाहर हो जाना चाहिए। 50 से अधिक डेमोक्रेट्स ने न्यूयॉर्क टाइम्स से कहा है कि बाइडेन यदि चुनाव लड़ते हैं तो इससे पार्टी को नुकसान हो सकता है। कैलिफोर्निया के डेमोक्रेट सांसद स्कॉट पीटर्स ने कहा कि अगर हम जानते हैं कि चुनाव में हमारी हार हो सकती है तो अभी रास्ता बदल लेना ठीक होगा। चुनाव से पीछे हटने का अभी समय है। दर्जनों डेमोक्रेट्स मानते हैं कि बाइडेन की मौजूदा रेटिंग यदि चुनाव तक जारी रही तो ट्रंप को हराना मुश्किल हो जाएगा। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए पांच नवंबर को चुनाव होगा।

joe biden
कुछ डेमोक्रेट्स चाहते हैं कि बाइडेन रेस में बने रहें
हालांकि, कुछ ऐसे डेमोक्रेट्स भी हैं जिन्हें बाइडेन पर भरोसा है। मेसाचुसेट्स के रिची नील और वर्जिनिया के डॉन बेयर ने बयान जारी करते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि बाइडेन रेस में बने रहें। मंगलवार सुबह डेमोक्रेट्स की एक बैठक होने वाली है। समझा जाता है कि इस बैठक में बाइडेन की उम्मीदवारी को लेकर कोई फैसला हो सकता है। रविवार को टेलिविजन के इंटरव्यू में कई डेमोक्रेट्स शामिल हुए। इन सांसदों ने सीधे तौर यह नहीं कहा कि बाइडेन को राष्ट्रपति पद की रेस से हट जाना चाहिए लेकिन उन्होंने संदेह जताया कि हाल के प्रदर्शनों को देखते हुए क्या उनका रेस में बने रहना उचित होगा।

joe biden
दौड़ से बाहर होने का समय आ गया है-स्मिथ
इस मामले की जानकारी रखने वाले दो लोगों के हवाले से खबर में बताया गया कि सशस्त्र सेवा समिति के सदस्य स्मिथ ने कहा कि बाइडन के जाने का समय आ गया है। चार अन्य सांसदों ने भी यही विचार व्यक्त किए और उनका मानना है कि बाइडन के लिए इस दौड़ से बाहर हो जाने का समय आ गया है।
रेस में बने रहने पर फैसला ले सकते हैं बाइडेन-जोश ग्रीन
इस बीच, बाइडन और अन्य राज्यों के गवर्नर के साथ हाल में एक बैठक में भाग लेने वाले हवाई के गवर्नर जोश ग्रीन ने कहा कि बाइडन एक-दो दिन में यह फैसला कर लेंगे कि उन्हें राष्ट्रपति पद के चुनावी मुकाबले में बने रहना है या नहीं। ग्रीन ने शनिवार को ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा कि उनका मानना है कि यदि बाइडन चुनावी दौड़ से बाहर होने का फैसला करते हैं तो वह चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर अपने स्थान पर उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को नामित करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर राष्ट्रपति को यह लगता है कि वह वास्तव में चुनाव जीत नहीं पाएंगे तो वह दौड़ से बाहर हो जाएंगे।
