Myanmar Explosive Building Blast: म्यांमार में रविवार को एक इमारत में हुए भीषण धमाके में 46 लोगों की मौत हो गई, जबकि 70 अन्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि इस इमारत में खनन गतिविधियों में इस्तेमाल के लिए विस्फोटक सामग्री रखी गई थी।
कब हुआ धमाका?
बचावकर्मियों और स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, नामखाम कस्बे के कौंगटुप गांव में दोपहर में हुए विस्फोट में लगभग 70 अन्य लोग घायल हो गए। चीन सीमा से लगभग 3 किलोमीटर दक्षिण में स्थित यह क्षेत्र ताआंग नेशनल लिबरेशन आर्मी के नियंत्रण में है, जो म्यांमार की केंद्र सरकार से लड़ रहा एक जातीय सशस्त्र समूह है।
बचाव अभियान जारी
विस्फोट स्थल पर पहुंचे एक बचावकर्मी ने समाचार एजेंसी 'एसोसिएटेड प्रेस' को बताया कि रविवार शाम तक छह बच्चों सहित 46 लोगों के शव बरामद कर लिए गए और उन्हें अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया है। बचावकर्मी ने सुरक्षा कारणों से नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया कि 74 घायलों को नामखाम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है और बचाव अभियान जारी है।
एक अन्य बचावकर्मी ने बताया कि विस्फोट में कम से कम 40 लोग मारे गए और इमारत के आसपास स्थित 100 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है।
म्यांमार के मीडिया संस्थानों के मुताबिक, मृतकों का संख्या 50 से 55 के बीच है। साथ ही ऐसी तस्वीरें और वीडियोज शेयर किए, जिनमें धमाके से उठता धुआं और उसके बाद क्षतिग्रस्त इमारतें तथा मलबा दिखाई दे रहा है।
'सीसीटीवी' ने अपनी खबर में कहा कि शुरुआती जांच के अनुसार, विस्फोट उस जगह पर हुआ, जहां खनन कार्यों में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटक पदार्थों का बड़ी मात्रा में भंडारण किया गया था। खबर में कहा गया है कि स्थानीय अधिकारी प्रभावित निवासियों को राहत, चिकित्सा देखभाल और पुनर्वास सहायता प्रदान करने में जुटे हैं।
