दुनिया

Massive Fire in Los Angeles: लॉस एंजिलिस में बेकाबू आग का तांडव, कई हस्तियों के घर जलकर राख

Los Angeles Fire Reason: लॉस एंजिलिस में लगी भीषण आग में कई हस्तियों के घर जलकर राख हो गए हैं। जेमी ली कर्टिस, मैंडी मूर और पेरिस हिल्टन सहित कई हॉलीवुड हस्तियां लॉस एंजिलिस के उन सैकड़ों निवासियों में शामिल हैं, जिन्होंने विनाशकारी पैसिफ़िक पैलिसेड्स जंगल की आग में अपने घर खो दिए हैं।

Image

लॉस एंजिलिस में आग का तांडव।

What Happened in Los Angeles: अमेरिका के लॉस एंजिलिस शहर और उसके आसपास लगी भीषण आग में बिली क्रिस्टल, मैंडी मूर और पेरिस हिल्टन समेत विभिन्न हस्तियों के मकान जलकर राख हो गए। लॉस एंजिलिस के आसपास जंगल की आग भड़कने के कारण कई अभिनेताओं और हॉलीवुड स्टार्स को घर खाली करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

दूर-दूर तक फैल रही आग को बुझाने में जुटी दमकल

कैलिफोर्निया के दमकलकर्मी तेज हवाओं के कारण इलाके में दूर-दूर तक फैल रही आग को बुझाने में जुटे हुए हैं, जिसकी वजह से कई मकान तबाह हो गए हैं और सड़कें जाम हो गई हैं। हजारों लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। मंगलवार रात लगी आग पर काबू नहीं पाया जा सका, जिसके कारण संसाधनों पर भारी दबाव पड़ा है। घटना में पांच लोगों की मौत हो गई तथा एक लाख से अधिक लोगों को दूसरे स्थानों पर जाने का आदेश दिया गया है। आग मंगलवार रात हॉलीवुड बाउल के निकट और हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम से कुछ ही दूरी पर लगी।

'यादों से भरा हुआ था हमारे घर का हर कोना खूबसूरत'

क्रिस्टल और उनकी पत्नी जेनिस ने बुधवार को एक बयान जारी करके बताया कि पेसिफिक पेलिसेड्स के पास उनका 45 वर्ष पुराना घर बर्बाद हो चुका है। क्रिस्टल ने बयान में कहा, “जेनिस और मैं 1979 से इस घर में रह रहे थे। हमने अपने बच्चों के बच्चों को यहीं पाला है। हमारे घर का हर कोना खूबसूरत यादों से भरा हुआ था। बेशक हम बहुत दुखी हैं, लेकिन अपने बच्चों और दोस्तों के प्यार के सहारे हम इस दुख से उबर जाएंगे।” आग लगने की घटना से लगभग 72 घंटे पहले हॉलीवुड के सबसे बड़े सितारे गोल्डन ग्लोब्स के रेड कार्पेट पर चलने के लिए एकत्र हुए थे। हालांकि आग लगने के बाद गोल्डन ग्लोब्स पुरस्कार समारोह का उत्साह भी ठंडा पड़ गया। इसके अलावा "बैटर मैन" और "द लास्ट शोगर्ल" के प्रीमियर रद्द कर दिए गए। स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवार्ड्स के नामांकन की घोषणा लाइव कार्यक्रम के बजाय प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से की गई और एएफआई अवार्ड्स जैसे सप्ताहांत के कार्यक्रमों को भी रद्द किया जा चुका है।

भीषण आग के कारण कई सितारों के घर तबाह हो गए

ऑस्कर नामांकन भी दो दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है। अब यह 19 जनवरी को होगा। जंगल में लगी भीषण आग के कारण कई सितारों के घर तबाह हो गए। मूर का पासाडेना के पास अल्ताडेना इलाके में स्थित घर आग में जलकर राख हो गया। अभिनेत्री-गायिका ने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट में लिखा, “ईमानदारी से कहूं तो मैं सदमे में हूं। मेरे बच्चों का स्कूल भी जलकर तबाह हो गया। हमारे पसंदीदा रेस्तरां जलकर खाक हो गए। बहुत से दोस्तों और प्रियजनों ने भी सब कुछ खो दिया है।”

स्टार एल्वेस ने बताया- जल गया उनका भी घर

“द प्रिंसेस ब्राइड” और कई अन्य फिल्मों के स्टार एल्वेस ने बुधवार को ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा कि उनका परिवार सुरक्षित है लेकिन आग में पैलिसेड्स स्थित उनका घर जल गया। एल्वेस ने लिखा, “दुख है कि हमने अपना घर खो दिया लेकिन शुक्र है कि हम इस विनाशकारी आग से बच निकले।” हिल्टन ने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक न्यूज वीडियो क्लिप पोस्ट की और कहा कि इसमें मालिबू में उनके नष्ट हो चुके घर की फुटेज शामिल है। उन्होंने अपने छोटे बच्चों का जिक्र करते हुए कहा, “यह वह घर था, जिससे हमारी बहुत सारी अनमोल यादें जुड़ी हैं। यह वह जगह है जहां फीनिक्स (बेटे) ने चलना सीखा और जहां हमने लंडन (बेटी) के साथ जीवन भर की यादें संजोने का सपना देखा था।”

इसके अलावा आग के कारण अभिनेत्री जेमी ली कर्टिस, अभिनेता एडम सैंडलर, बेन एफ्लेक, टॉम हैंक्स और स्टीवन स्पीलबर्ग, जेम्स वुड को भी नुकसान हुआ है, जिनके घर आग प्रभावित इलाके के निकट स्थित हैं।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article